दूरवर्ती गांवो तक लोगो को प्रशासन की सेवाओं का एहसास कराने के लिये डीएम ने छेडा अभियान, दूरवर्ती ऊंचा गांव में लगायी चौपाल


उरई। माधौगढ ब्लाक के दुर्गम गांव ऊंचा में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने जन चौपाल लगाई ताकि दूरवर्ती ग्रामों में योजनाओं और सेवाओं तक लोगो की पहुंच की परख हो सके । उन्होंने कहा कि अन्तिम छोर तक खडे लोगो तक भी गवर्नेंस की पहुंच सुनिश्चित होने पर ही प्रशासन की सफलता तय होगी।
फरियादियों से रूबरू होकर धरातल पर प्रशासन की उपस्थिति का लिया जायजा      
जिलाधिकारी  इस दौरान फरियादियों से रूबरू हुयी तो उन्हें अंदाजा हुआ कि आम लोगों के प्रति अपने कर्तव्य को लेकर अधिकारी व कर्मचारी कितने सजग हैं। एक व्यक्ति ने बताया कि उसके स्वीकृत पटटे की जगह पर बार बार गुहार लगाने के बाबजूद प्रशासन अभी तक उन्हें कब्जा नहीं दिला पाया है तो उन्होेने मौके पर ही एसडीएम , तहसीलदार , लेखपाल और कानूनगो के पेंच कसते हुये दो दिन के अन्दर फरियादी को अपनी जगह पर कब्जा दिलाने की हिदायत दी । एक शिकायतकर्ता ने बताया कि बिजली का खम्भा उसकी बस्ती में पूरी तरह झुका होने से उसके गिरने पर बडा हादसा हो सकता है। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उसे इस बात की भी शिकायत थी कि वह हर महीने बिजली का बिल चुकाता रहा है। फिर भी उस पर बहुत ज्यादा बकाया दिखाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इसे लेकर बिजली विभाग के एसडीओ को निर्देशित किया कि वे पूरी तरह ध्यान देकर दो दिन के अन्दर फरियादी का समाधान करें।
योजनाओं के लाभ के लिये ब्लाक , जिले के चक्कर की अब नहीं जरूरत
      जिलाधिकारी ने लोगो से वरासत , दिव्यांग पेंशन , आवास, राशन कार्ड , प्रधानमंत्री सम्मान निधि के बारे में पूंछा ताकि पता चल सके कि योजनाओं का लाभ पात्रो तक पहुंच भी पा रहा है या नहीं । उन्होंने लोगो से कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के लिये आपको कहीं भाग दौड करने की जरूरत नहीं हैं। आपकी ग्राम पंचायत में जो पंचायत सहायक तैनात है उसकी मदद योजना के लिये घर बैठे आवेदन करने हेतु आपको दिलायी जा रही है। इसका लाभ उठायें।
गौशालाओं से गौवंशो के लापता हो जाने पर डीएम की कडी नजर
     इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास की चाबी लाभार्थी रामदास के हाथ में सौंपी । विकास खण्ड के अन्तर्गत सभी ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायकों को शर्तो के साथ जनसेवा केन्द्र संचालित करने के लिये स्वीकृत पत्र दिया गया। बाद में जिलाधिकारी ने गांव में गौशाला का निरीक्षण किया । उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गौशालाओं में संरक्षित गौवंशों की संख्या कम होने पर प्रधान के खिलाफ कडी कार्रवाई की जायेगी। एसडीएम व बीडीओ से उन्होंने समय समय पर गौशालाओं की रेन्डम चैकिंग करते रहने के लिये कहा । इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव , उप जिलाधिकारी माधौगढ अंगद यादव , परियोजना निदेशक डा0 शिवाकान्त द्विवेदी , जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र त्रिपाठी , डीपीआरओ डा0 अवधेश सिंह आदि उपस्थित रहे। 

Leave a comment