उरई। मनरेगा समन्वयक कुलदीप थापक के घर से गत 18-19 दिसम्बर की दरम्यानी रात हुयी चोरी का पर्दाफाश करने में पुलिस ने कामयाबी हासिल कर ली है। इस सिलसिले में 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर एक लाख 60 हजार की नगदी और लगभग 8 लाख रूपये के मूल्य के सोने चांदी के जेवर बरामद किये गये हैं। पीडित ने बरामद सामान की शिनाख्त कर ली है।
मूलरूप से कैलिया थाने के ब्यौनाराजा निवासी कुलदीप थापक नया पटेल नगर के मुहल्ला बैंक कालौनी में रहते है। घटना के दिन वे एक विवाह समारोह में शामिल होने चले गये थे जिसकी जानकारी चोरों ने उनके मकान की रैकी करके जुटा ली थी । इस कारण मकान को सूना पाकर उन्होंने घात लगा दी । सुबह लगभग 5 बजे 19 दिसम्वर को जब वे लौटे तो उन्हें इस चोरी का पता चला। जेल रोड चैकी इंचार्ज हरीराम सिंह ने तत्परता पूर्वक घटना की छानबीन की जिससे बहुत जल्द चोरों के बारे में सुराग लग गया । जब बाद में पुलिस अधीक्षक रविकुमार ने सर्विलांस और एसओजी टीम को भी कोतवाली पुलिस की सहायता के लिये लगा दिया। गिरफ्तारी के पहले आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की लेकिन जबाबी फायरिंग करके पुलिस ने उन्हें दबोच लिया ।
पुलिस अधीक्षक रविकुमार ने गिरफ्तार आरोपितों के नाम यशपाल सिंह , खिल्लू उर्फ विश्वास सिंह , डम्पर उर्फ राजाभइया और धीरेन्द्र सिंह निवासीगण रूरा अडडू व देवेन्द्र कौशल निवासी मुहल्ला तुलसीनगर बतायें हैं। वे इसके पहले मुहल्ला नया पटेल नगर से 3 और पटेल नगर से एक घर से और चोरी कर चुके है जिसके बारे में उनसे पूछतांछ चल रही है। पुलिस अधीक्षक ने पांचों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करने और अपराधिक गतियों से अर्जित उनकी सम्पत्तियां कर्क करने की बात कही।






Leave a comment