जालौन-उरई । सर्दी के मौसम में भी सुबह के समय होने वाली बिजली की कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया है। सुबह के समय बिजली कटौती से जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है। नगर की महिलाओं ने सुबह के समय होने वाली बिजली की कटौती को बंद कराने की मांग डीएम से की है।
दो दिनों से शीत लहर चलने के साथ ही सर्दी बढ़ गयी है। सोमवार की सुबह कोहरा भी रहा। सर्दी के मौसम में बिजली की आवश्यकता वैसे तो कम हो जाती है लेकिन सुबह के समय ताजे पानी व पानी गर्म करने जैसी आवश्यकताओं के लिए लोगों को बिजली की जरूरत रहती है। बिजली विभाग द्वारा सुबह 6 बजे से 8 बजे के मध्य कटौती की जा रही है। इसके बाद सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच भी कटौती होती रहती है। इसके अतिरिक्त बीच बीच में भी कटौती की जाती है। अंधाधुंध कटौती से नगर की जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। सुबह के समय बच्चों को स्कूल जाने व पुरुषों को आफिस दुकान या काम पर जाना होता है। ऐसे में महिलाओं को नहाने के बाद नाश्ता या खाना बनाना होता है। इसी दौरान बिजली जाने से ताजा पानी आना बंद हो जाता है, जिसके कारण महिलाओं को दिक्कत हो रही है। महिलाएं नीतू, मिथलेश, रत्ना, स्नेहलता, अर्चना, मनीषा, प्रवीना, शशिलता, रंजना, सरिता बताती है कि बिजली जाने के कारण जलापूर्ति बंद हो जाती है जिससे उन्हें नहाने व खाना बनाने के लिए ताजा पानी नहीं मिल पाता है। जिससे सर्दी के मौसम में दिक्कत होती है। महिलाओं ने जिलाधिकारी से सुबह के समय की जाने वाली बिजली कटौती को बंद कराने की मांग की है। ताकि वह अपने दैनिक कार्यों को आसानी से पूरा कर सकें।





Leave a comment