जालौन-उरई । नगर में पुराना अस्पताल मैदान के गेट के बाहर रेहड़ी पटरी की दुकानें लगने से स्कूल के दरवाजे पर अतिक्रमण हो रहा है। जिससे बच्चों को निकलने में दिक्कत होती है। नगरवासियों ने स्कूल गेट से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
नगर के बाजार बैठगंज में छोटी माता मंदिर के सामने पुराना सरकारी अस्पताल था। सरकारी अस्पताल के देवनगर चौराहे पर स्थानांतरित होने के बाद इस परिसर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगर क्षेत्र व प्राथमिक विद्यालय उर्दू माध्यम स्थापित कर दिए गए। इन दोनों विद्यालयों का संचालन इसी परिसर में हो रहा है। इन दोनों स्कूल के बच्चों के आने जाने के मुख्य मार्ग पर गेट लगा हुआ है। लेकिन गेट के दोनों ओर रेहड़ी पटरी के दुकानदार सब्जी, फल आदि की दुकानें लगा लेते हैं। जिससे बच्चों को निकलने में दिक्कत होती है। ऐसे में बच्चों को मुख्य दरवाजे की स्थान पर साइड में बने छोटे दरवाजे से निकलना पड़ता है। नगर के विपुल कुमार, वैभव, प्रतीक आदि ने बताया कि अतिक्रमण के चलते बच्चों को निकलने में दिक्कत हो रही है। इसके बाद भी शिक्षा विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जब इस संदर्भ में बीईओ अमर सिंह बात की गई तो उन्होंने कहा कि दरवाजा के सामने लगी दुकानों को हटवाया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो एसडीएम से भी शिकायत की जाएगी।





Leave a comment