उरई | अपने पिता मुलायम सिंह का साया हटने के बाद पार्टी को उन्हीं की तरह फिर से जुझारू तेवर देने के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी आराम तलब छवि तोड़ने के लिए निकल पड़े हैं और इसके लिए नेता जी के ही नक़्शे कदम पर जिलों में कार्यकर्ताओं के पास जा कर उनसे सम्बन्ध प्रगाढ़ करने की रणनीति अब उन्होंने अख्तियार कर ली है |
इस क्रम में सोमवार को झांसी जा कर जेल में पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह से उन्होंने मुलाक़ात की और वहीं रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में किया | मंगलवार को लौटते समय उरई में रुक कर वे हाल ही में दिवंगत हुए पार्टी के उदीयमान नेता सुरेन्द्र मौखरी के राठ रोड विजय विक्रम पैलेस स्थित आवास पर पूर्वान्ह 11.30 बजे उनके परिजनों से संवेदना प्रकट करने जायेंगे और इसके बाद अपरान्ह 12.15 बजे पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपराज गुर्जर के आवास राजमार्ग स्थित गुर्जर काम्प्लेक्स में भी जायंगे |
पहले यह माना जा रहा था कि मैनपुरी उप चुनाव के बाद अपने चाचा शिवपाल पर उनका भरोसा लौट आया है और उन्हीं को कार्यकर्ताओं का मनोबल उठाने की जिम्मेदारी सौंपेंगे जिसमें वे माहिर हैं लेकिन शायद इस पर उन्होंने पुनर्विचार करके चाचा ज्यादा महत्व न दे कर धरातल के कार्यकर्ताओं से सीधा अपना मजबूत रिश्ता बनाने पर कार्य करने का निश्चय कर लिया है |






Leave a comment