जालौन-उरई । मौसम को देखते हुए गोशालाओं में सर्दी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। सुबह व शाम अलाव भी जलवाएं ताकि ठंड के चलते जानवरों को दिक्कत न हो। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम सुढ़ार सालाबाद में गोशाला के निरीक्षण के दौरान अधीनस्थों को दिए।
मुख्य विकास अधिकारी अभय कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को ग्राम सुढ़ार सालाबाद स्थित गोशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोशाला में सर्वप्रथम सर्दी से बचाव के उपाय देखे जिसमें टिन शैड के नीचे हवा से बचाव के लिए पन्नी लगी मिली। उन्होंने कहा कि सर्दी अधिक है ऐसे में जानवरों के लिए सुबह व शाम को अलाव की भी व्यवस्था की जाए ताकि अलाव से जानवर अपने को गर्म रख सकें। कहा कि सर्दी के चलते किसी भी जानवर की मौत नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने भूसाघर में भूसे को देखा। जिसमें भूसाघर में पर्याप्त मात्रा में भूसा रखा मिला। भूसे के अतिरिक्त उन्होंने जानवरों के लिए हरे चारे की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्दी से बचाव के लिए सभी गोशालाओं में पर्याप्त इंतजाम कराएं। सुबह शाम गोशालाओं में अलाव की व्यवस्था कराएं ताकि सर्दी के चलते जानवर बीमार न हों और उनकी मौत न हो। गोशालाओं में चारे पानी का भी पर्याप्त इंतजाम रखें। इस मौके पर बीडीओ संदीप यादव, सहायक विकास अधिकारी मनीष निरंजन, जेई वर्षा वर्मा, ग्राम प्रधान श्याम सिंह, राजवीर सिंह, पीयूष प्रधान, सचिव प्रवीण सिंह आदि मौजूद रहे।






Leave a comment