जालौन-उरई । मनरेगा संबंधी समस्त कार्य अब ग्राम पंचायत स्तर से ही संचालित हांेगे। पंचायत भवन में कम्प्यूटर से पंचायत मित्र व पंचायत सहायक सभी कार्य संपन्न करेंगे। यह बात खंड विकास अधिकारी ने मनरेगा को लेकर ब्लॉक सभागार में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही।
ब्लॉक सभागार में बीडीओ संदीप यादव की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बीडीओ ने कहा कि एक जनवरी से मनरेगा के सभी कार्य ग्राम पंचायत स्तर से ही संपन्न कराए जाएंगे। मनरेगा श्रमिकों के कार्य मांग पत्र, मस्टर रोल आदि ग्राम पंचायत से ही निकाले जाएंगे। मस्टररोल पर ऑनलाइन उपस्थिति एप के माध्यम से दर्ज की जाएगी। कार्यस्थल पर ही श्रमिकों की फोटो ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। मस्टररोल पर उसी श्रमिक की उपस्थिति दर्ज की जाएगी जिसकी फोटो कार्यस्थल पर ही ऑनलाइन अपलोड होगी। यह समस्त कार्य पंचायत भवन के कम्प्यूटर से पंचायत मित्र और पंचायत सहायक द्वारा किए जाएंगे। श्रमिकों की उपस्थिति महिला मेटों एवं पंचायत मित्रों के द्वारा ली जाएगी। कार्यस्थल पर श्रमिकों द्वारा किए गए कार्य के सापेक्ष ही तकनीकी सहायकों द्वारा मापांकन किया जाएगा। इस मौके पर एपीओ बृजेश कुमार, एडीओ सतीशचंद्र वर्मा, मनोज कुमार गौतम, मनीष कुमार, देवेंद्र सिंह, अतुल तिवारी, दिव्या गोस्वामी, श्यामू आदि मौजूद रहे।






Leave a comment