कालपी-उरई। दुर्घटना में घायल होकर हाइवे पर अचेत पडे युवक को भाजपा के नगर अध्यक्ष अमित पाण्डेय अपनी गाडी से लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया और उसके पास से मिले सामान के आधार पर उसकी पहचान कर उसके परिजनों को खबर करा दी। युवक की हालत गम्भीर थी जिसके कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से रिफर किये जाने पर उसे कानपुर ले जाया गया है।
बताया गया है कि अमित पाण्डेय उसरगांव में सांई मन्दिर में दर्शन करके कालपी लौट रहे थे। रास्ते में हाइवे पर उन्हें एक लहूलुहान पडा युवक दिखाई दिया जिसकी मोटर साइकिल पास में ही पडी थी । इसे देखकर अंदाजा हो रहा था कि कोई अज्ञात वाहन उसे जोरों की टक्कर मारकर निकल गया है। अमित पाण्डेय ने उसे देखकर आगे निकल जाने की बजाय अपनी गाडी रूकवा ली और घायल युवक को लादकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंचाया। इस बीच उनकी सूचना पर कृष्णपाल सिंह , बबलू, राणा , नानू चैहान सहित कई लोग मदद के लिये अस्पताल आ गये। घायल के पास से मिले मोवाइल व दस्तावेजों के माध्यम से उसकी पहचान पता करके उसके परिजनों को खबर कर दी गयी। घायल का नाम शैलेन्द्र सिंह (35वर्ष) पुत्र रामलाल निवासी सरसेला बताया गया है।
नगर अध्यक्ष अमित पाण्डेय की इस सहृदयता की कस्बे में सर्वत्र चर्चा हो रही है और लोगो में इसे भरपूर सराहा जा रहा है।






Leave a comment