जालौन-उरई । संपूर्ण समाधान दिवस में आई शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका तत्काल निस्तारण कराएं। लापरवाही पर कार्रवाई होना तय है । जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में अधीनस्थों को आगाह करते हुए यह बात कही ।
जिलाधिकारी चांदनी सिंह की अध्यक्षता एवं एएसपी असीम चौधरी की उपस्थिति में तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कोहरे और ठंड के चलते संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की संख्या अपेक्षाकृत कम ही रही। इस दौरान मात्र 42 फरियादियों ने ही अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिनमें राजस्व विभाग की सर्वाधिक 12, पुलिस विभाग की 9, विकास विभाग 8, बिजली विभाग 5, पूर्ति विभाग 5 व नगर पालिका परिषद की 3 शिकायतें दर्ज की गईं। जिनमें नगर पलिका व पूर्ति विभाग की एक एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिकायतों को सुनने के बाद डीएम ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आई हुई शिकायतों का मौके पर जाकर गंभरता से निस्तारण करें। निस्तारण आख्या से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराएं ताकि उसे बार बार परेशान न होना पड़े। शिकायतों के निस्तारण में हीला हवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही करने पर कार्रवाई होना तय है। इस मौके पर सीएमओ एनडी शर्मा, एसडीएम सना अख्तर, सीओ उमेश पांडेय, डीडीओ अवधेश राजपूत, सीएचसी प्रभारी डॉ. केडी गुप्ता, ईओ कोतवाल कुलदीप तिवारी आदि मौजूद रहे।







Leave a comment