दीन-हीन जनता को शासन के केन्द्र में लाने की कवायद , नायब तहसीलदार ने पोर्टल के फरियादियों को दिया दिलासा


नदीगांव-उरई। शासन में भेजी जाने वाली शिकायतों के प्रमाणिक निस्तारण को लेकर भारी गम्भीरता दिखाई जा रही है। इसका असर धरातल तक दिखाई देने लगा है जिससे उपेक्षित जनता में उत्साह का संचार हो रहा है और इस तपके में शासन के प्रति भरोसा मजबूत हो रहा है।
शासन की उक्त मंशा का असर यह हुआ है कि जिला प्रशासन गांव स्तर तक निस्तारित शिकायतों का जायजा लेने की कवायद में जुट पडा है। इसकी बानगी यहां देखने को मिली। शनिवार को नायब तहसीलदार शैलेन्द्र कुमार जो कि यहां के लिये आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों के नोडल अधिकारी बनाये गये है विकास खण्ड क्षेत्र की ईगुई ग्राम पंचायत में स्थलीय निरीक्षण के लिये पहुंचे । इस दौरान उन्होंने आईजीएस पोर्टल की हकीकत को भी परखा। उन्होंने पोर्टल पर की गयी शिकायतों से सम्बन्धित गांव के फरियादियों को बुलाया और समस्या सुनने के बाद दिलासा दिया कि आपकी शिकायत सही हुई तो समाधान के लिये प्रभावी कार्रवाई की जायेगी भले ही इसके कारण किसी असरदार निहित स्वार्थ को चोट पहुंचती हो। इससे हाशिये पर धकेले जाने वाले लोगों को खास तौर से बडी तसल्ली मिली।
इस दौरान पुलिस वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र निरंजन , सचिव संदीप रावत , ग्राम प्रधान सियाराम जाटव , लेखपाल लायक सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a comment