(वरिष्ठ संवाददाता अवनीश दुबे द्वारा )
उरई। पुलिस की बदली कार्यशैली से उसके रूपांतरण का समाज में सकारात्मक असर देखने को मिलने लगा है। दमनकारी पहचान वाली खाकी की लोगो में संकट के समय काम आने वाली मित्र और मददगार छवि बन रही है जो समाज में शान्ति व्यवस्था बनाये रखने की उसकी भूमिका को आसान बना रही है।
इसका एक और उदाहरण डकोर थाने में सामने आया। ग्राम ऐर से शुक्रवार को थाने में सूचना आयी कि पवन की जंगल में बकरियां चराने गयी पत्नी ज्ञानवती का पता नहीं चल पा रहा है। न तो वे घर वापस लौटी हैं और न ही जंगल में आस पास दिख रही हैं।
पुराना जमाना होता तो पुलिस ऐसी सूचना लेकर आने वाले को दुत्कार डालती लेकिन नये माहौल में ज्ञानवती के परिजनों की व्याकुलता थाना पुलिस को द्रवित कर गयी और प्रभारी निरीक्षक उदयभान गौतम सहयोगियों व ग्रामीणों को साथ लेकर खुद बताये गये स्थान पर पहुंच गये और उन्होंने महिला की खोजबीन के लिये जंगल छानना शुरू कर दिया । इस मशक्कत से ज्ञानवती को खोजकर सकुशल उन्हें परिजनों को सौपना सम्भव हो गया। पुलिस की संवेदनशीलता व तत्परता की सर्वत्र सराहना हो रही है।







Leave a comment