जालौन-उरई । हरदोई राजा से कुसमरा एवं गूढ़ा से कुठौंदा बुजुर्ग तक जर्जर हाईटेंशन लाइन को बदलने के लिए समाजसेवी सालों से मांग कर रहे हैं। विभाग द्वारा स्टीमेट भी उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। लेकिन बजट स्वीकृत न होने से अभी तक लाइन को बदला नहीं जा सका है।
हरदोई राजा से कुसमरा और गूढ़ा से कुठौंदा बुजुर्ग तक हाईटेंशन लाइन काफी जर्जर हो चुकी है। जर्जर लाइन होने से आए दिन लाइन में फाल्ट होते रहते हैं। जिससे ग्रामीणों को बिना लाइट के रहना पड़ता है। कभी बड़ा फाल्ट होने पर घंटों तक बिजली गुल होने से ग्रामीण परेशान होते हैं। इसके अलावा कई बार हाईटेंशन लाइन के टूटने से दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इन समस्याओं को देखते हुए कुठौंदा बुजुर्ग निवासी समाजसेवी गजेंद्र सिंह सेंगर तीन वर्षों से हाईटेंशन लाइन को बदलवाने के लिए विभाग से शिकायत कर रहे हैं। उनकी शिकायतों का संज्ञान लेकर तीन वर्ष पूर्व स्टीमेट भी तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है। लेकिन तीन वर्ष बाद भी बजट स्वीकृत न होने से लाइन नहीं बदली जा सकी है। इस संदर्भ में एसडीओ कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि 16 जनवरी 2018 को कार्य का प्राक्कलन कराकर विभागीय अधिकारियों को भेजा जा चुका है। लेकिन न तो शासन से वित्तीय अनुमोदन प्राप्त हुआ है और न ही विद्युत भंडार गृह से सामग्री मिली है। जिसकी वजह से कार्य नहीं हो सका है। जैसे ही बजट स्वीकृत होकर सामग्री प्राप्त होती है, कार्य करा दिया जाएगा।






Leave a comment