जालौन-उरई । भांजा बनकर मोबाइल पर रुपये मांगे और फिर मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में देकर रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है। 

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सींगपुरा निवासी रामजी ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति का फोन आया और उसने स्वयं को उनका भांजा बताते हुए कहा कि उसे तत्काल किसी काम के लिए 10 हजार रुपये की जरूरत है। वह उसके बताए नंबर पर रुपये भेज दें। भांजा समझकर उन्होंने उसके बताए नंबर पर 10 हजार रुपये फोन पे के माध्यम से भेज दिए। इसके बाद जब उसने दोबारा से उस नंबर पर फोन किया तो नंबर स्विच ऑफ मिला। फिर उन्होंने भांजे के नंबर पर फोन किया तो उसने बताया कि उसने तो फोन किया ही नहीं था। तब कहीं जाकर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने उसके 10 हजार रुपये वापस दिलाने की गुहार पुलिस से लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a comment