जालौन-उरई । जिस ओर जवानी चलती है उस ओर जमाना मुंह मोड़ लेता है। विवेकानंदजी के बताए मार्ग पर चलकर आप लोग लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। यह बात युवा दिवस पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विद्यार्थी कार्य विभाग के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि विभाग कार्यवाह ओमनारायण ने कही।
स्वामी विवेकानंदजी की जयंती को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विद्यार्थी कार्य विभाग द्वारा युवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान संगठन के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर में हाईस्कूल से स्नातक तक के छात्रों के बीच भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद आरएसएस के विभाग कार्यवाह ओमनारायण ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में स्वामी विवेकानंदजी से सीख लेने की जरूरत है। विवेकानंदजी के अनुसार सबसे पहले आप अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें। लक्ष्य निर्धारित करने के उपरांत उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए। लक्ष्य को अपनी आंखों से ओझल न होने दो। उनके बताए मार्ग पर चलकर जीवन में सफलता प्राप्त करना मुश्किल न होगा। इसलिए अपने ध्येय से जरा भी न डिगें और मेहनत कर अपने ध्येय को प्राप्त करें। इस दौरान छात्रों ने भाषण के माध्यम से स्वामी विवेकानंदजी के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। भाषण प्रतियोगिता में 33 विद्याथियों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल में आशा श्रीवास्तव, डॉ. रामकृपाल व अमित कुमार द्वारा उत्कृष्ट वक्ताओं का चयन किया गया। जिसमें विवेक तोमर को पहला स्थान प्राप्त हुआ। दूसरे स्थान पर प्रज्ञा चतुर्वेदी और तीसरे स्थान पर स्वप्निल सिंह रहे। तीनों विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार व राहुल निरंजन ने किया। इस मौके पर मंगल सिंह चौहान, जिला प्रचारक शिवमजी, नगर प्रचारक राज, महेश, शिवराम, अंशुल सक्सेना, अशोक, विजय वर्मा, निहारिका, अंजलि, निधि, अनिल आदि मौजूद रहे।







Leave a comment