जालौन-उरई । एक माह पूर्व बैंक खाते से 30 हजार रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा निकाले गए थे। पीड़ित महिला ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस से की थी। साइबर क्राइम ब्रांच ने महिला के साथ धोखाधड़ी कर निकाले गए 30 हजार रुपए वापस करा दिए हैं। रुपये वापस पाकर महिला ने खुशी व्यक्त की।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खंडेराव निवासी कुंअरबाई चौधरी पत्नी रामऔतार चौधरी का बैंक खाता भारतीय स्टेट बैंक में संचालित है। दिनांक 10 दिसंबर, 11 दिसंबर और 12 दिसंबर को उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके खाते से 10-10 हजार रुपये करके कुल 30 हजार रुपये निकाले गए हैं। जबकि महिला ने उक्त तारीखों को कोई रुपया नहीं निकाला था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते का दुरूपयोग कर 30 हजार रुपये निकाल लिए थे। जब उन्होंने बैंक जाकर संपर्क किया तो वहां भी कुछ पता नहीं चला। पीड़िता ने उसके रुपये वापस दिलाने के पुलिस से गुहार लगाई थी। साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने महिला के साथ धोखाधड़ी करके निकाले गये 30 हजार रुपए उसके खाते में वापस करा दिए हैं। जिस पर महिला ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

Leave a comment