जालौन-उरई । ग्रामीण क्षेत्र में कोटेदार कार्डधारकों से उचित व्यवहार नहीं करते हैं। कार्डधारकों के साथ कोटेदारों द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है। शिकायतें सही पाए जाने पर पूर्ति निरीक्षक ने दो कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई की है।
अधिकारियों द्वारा कोटेदारों को लगातार राशनकार्ड धारकों से व्यवहार अच्छा करने का निर्देश दिया जा रहा है। इसके बाद भी कोटेदारों द्वारा कार्डधारकों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायतें कम नहीं हो रही हैं। विकास खंड के ग्राम भिटारा के ग्रामीणों ने कोटेदार माता प्रसाद पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच करने पहुंचे पूर्ति निरीक्षक अजीत कुमार ने ग्रामीणों से बात की तो पता चला कि कोटेदार की जगह उनका पुत्र राशन वितरित करता है और कार्डधारकों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। ग्रामीणों की शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक ने दुर्व्यवहार के मामले में कोटेदार पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं छिरिया सलेमपुर के कोटेदार लाखन सिंह के खिलाफ भी ग्रामीणों ने दुर्व्यवहार की शिकायत की थी। जिसमें पूर्ति निरीक्षक ने आरोपी कोटेदार का नोटिस देकर भविष्य में कार्डधारकों से अच्छा व्यवहार करने एवं पुनरावृत्ति पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।





Leave a comment