बैंड के साथ विवेकानंद पर मुख्य बाजार में निकाली रैली

जालौन-उरई । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। बुधवार को एबीवीपी नगर इकाई द्वारा युवा संदेश यात्रा निकाली गई। जिसमें बैंड पर युवाओं में जोश भरने व संगठन के गीत बज रहे थे। 

स्वामी विवेकानंद की जयंती के बाद से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा लगातार कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विवेकानंदजी के जन्म दिवस के 7वें दिन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के युवाओं ने युवा संदेश यात्रा निकाली। स्वामी विवेकानंदजी के व्यक्तित्व से लोगों को रूबरू कराने के लिए निकाली गयी यात्रा में शामिल युवाओं एवं छात्रों ने बाजार के मुख्य मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद अमर रहे, विद्यार्थी परिषद जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। कृषि उत्पादन मंडी समिति से शुरू हुई यात्रा कोतवाली के सामने से होकर देवनगर चौराहा, तहसील रोड, पानी की टंकी सब्जी मंडी होकर द्वारिकाधीश मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई। मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में हिन्दू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजासिंह सेंगर ने कहा कि अभाविप अपने स्थापना के समय से ही स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाता आ रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर चलकर ही भारत को विश्वगुरु का दर्जा पुनः प्राप्त होगा। बजरंग दल के नगर संयोजक मानवेंद्र सेंगर ने कहा स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत रहे। स्वामीजी ने 39 वर्ष की अवस्था में ही भारत का मान सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया। इस मौके पर विभाग संयोजक चित्रांशू, शुभम, प्रदेश एसएफएस संयोजक हर्ष गुप्ता, तहसील संयोजक सत्यम याज्ञिक, आदित्य, प्रियांश सोनी, नगर सहमंत्री निखिल बाथम, नैतिक विश्वकर्मा, अनूप दीक्षित, अमन वर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a comment