जालौन-उरई । पिकअप की टक्कर से बाइक से जा रहे पीएसी के रिटायर्ड दरोगा की मौके पर ही मौत हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। 

सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम नगरा निवासी पीएसी के रिटायर्ड दरोगा रामदेव दोहरे (67) किसी काम के चलते बाइक से अपने गांव से जालौन आ रहे थे। जैसे ही वह बाइक से कुसमरा और गोकुलपुरा के बीच पहुंचे। तभी जालौन की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने अनियंत्रित होकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार रिटायर्ड दारोगा हेलमेट लगाए थे। जख्मों से अधिक खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके से निकल रहे राहगीरों ने हादसे की सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने पिकअप को पकड़कर कोतवाली में खड़ा कराया।

Leave a comment