जालौन-उरई । नगर व ग्रामीण क्षेत्र के किसान हरी मटर की फली लेकर मंडी आ रहे हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर आने के कारण मंडी के आसपास लम्बी कतार लग रही है जिससे जाम की स्थिति बन रही है । होमगार्ड व पुलिस के जवानों की मशक्कत के बाद भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

         हरी मटर की फली का नगर व ग्रामीण क्षेत्र में अच्छा उत्पादन होता है। लगभग हर किसान हरी मटर की फसल करता है । इस समय हरी मटर की तुड़ाई का सीजन  चल रहा है। इसलिए मंडी में बड़ी संख्या में हरी मटर से भरे ट्रैक्टर आ रहे हैं। शुक्रवार को मंडी में हरी मटर लेकर 200 से अधिक ट्रैक्टर आ गये। ट्रैक्टर अधिक आने के कारण उरई मार्ग पर स्थित श्रीवीर बालाजी हनुमान जी मंदिर के पास से कोतवाली के सामने होते हुए सब्जी मंडी तक ट्रैक्टर की लाइन लगी थी। जल्दी नम्बर आने के चक्कर में कुछ ट्रैक्टर चालक लाइन को तोड़ कर बीच में घुस जाते हैं जिसके कारण लम्बा जाम लग जाता है। यातायात व्यवस्था बनाये रखने के लिए होमगार्ड व पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बाद भी यातायात व्यवस्था सुचारू नहीं चल पा रही है। शुक्रवार की रात सहालग थी ऊपर से ट्रैक्टर की अधिक संख्या के कारण नगर की यातायात व्यवस्था खराब रही है। चुर्खी रोड पर भी ट्रैक्टर व ट्रकों के खड़े होने के कारण जाम लगा रहा। जाम लगने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सी ओ उमेश कुमार पांडेय ने बताया कि यातायात को सुचारू बनाये रखने व जाम न लगे इसके लिए पुलिस व होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। अगर आवश्यकता होगी तो संख्या बढा दी जायेगी।

Leave a comment