जालौन-उरई । लगभग ढाई माह पूर्व सेंट्रल बैंक से रुपये निकालने गई महिला के 56 हजार रुपये बैंक के अंदर से ही अज्ञात युवक चोरी कर भाग गया था। महिला के रुपये चोरी करके भागे युवक की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इसके बाद भी पुलिस अभी तक युवक को तलाश नहीं कर पाई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दलालनपुरा निवासी रामदेवी बीती 18 नवंबर 2022 को अपने पति रामदास के साथ बस स्टैंड स्थित सैंट्रल बैंक की शाखा से रुपये निकालने के लिए गई थीं। बैंक में उन्होंने डेढ़ लाख रुपये निकाले और बैंक में ही कुर्सी पर बैठकर पति के साथ रुपये गिनने लगी। बैंक में मौजूद एक युवक उन पर नजर रखे हुए था। रुपये गिनकर पति रुपये रखने के लिए बाहर कोई पॉलीथीन आदि लेने के लिए चले गए। बैंक के अंदर पत्नी के बगल में बैठा युवक पीछे से 56 हजार रुपये निकालकर भाग गया। महिला ने शोर मचाया लेकिन तब तक युवक लोगों की पहुंच से दूर हो गया था। जिसके बाद महिला ने कोतवाली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह घटना बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हुई थी। जिसमें युवक रुपये लेकर भागता नजर आ रहा था। तत्कालीन एसपी रवि कुमार ने घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस टीम को भी लगाया था। लेकिन घटना के ढाई माह बीतने के बाद भी अब तक पुलिस आरोपी युवक को नहीं पकड़ सकी है। जिसको लेकर महिला ने बताया कि उसने व पति ने मेहनत कर रुपये जमा किए थे। लेकिन बैंक के अंदर से ही युवक उनके रुपये लेकर चला गया। पुलिस में शिकायत के बाद भी अब तक कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने एसपी डॉ. ईराज राजा से मामले का खुलासा कराकर उसके रुपये वापस दिलाने की मांग की है।







Leave a comment