गौवंश से भरे ट्रक को रोकने पर चली गोलियां,पुलिस जवान और बदमाश घायल

माधौगढ़-उरई | गौवंश से भरे ट्रक को ले जा रहे बदमाशों को रोकने पर पुलिस से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चली। जिसमें एक पुलिस जवान घायल हो गया जबकि एक बदमाश को भी पैर में गोली लगी। पूरी कार्रवाई में 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक,सीओ,एसओजी टीम सहित कई थानों की फोर्स ने पहुंचकर घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ लिया।

सुबह 5 बजे के लगभग माधौगढ़ थाना क्षेत्र के गोपालपुरा से सटे मप्र बॉर्डर पर पुलिस को अवैध तरीके से गौवंश ले कर आ रहे ट्रक के आने की जानकारी मिली। जिस पर बंगरा चौकी पुलिस ने एसओजी टीम,और उच्चाधिकारियों सूचना दी। जिसके बाद रामपुरा,रेंढ़र थाना की पुलिस सहित एसओजी टीम सक्रिय हो गई व मप्र सीमा में बैरियर डालकर ट्रक को रोकने की योजना बनाई गई। लेकिन ट्रक ले जा रहे बदमाशों ने बैरियर को तोड़ते हुए ट्रक को तेज रफ़्तार में भगा दिया। लेकिन पुलिस ने गड़ेरना मोड़ के पास ट्रक को घेर लिया,इस पर ट्रक में सवार बदमाशों कूंद कर भागे और पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग की  जिसमें परवेज अख्तर (34) पुत्र अलीम अख़्तर निवासी चान्दपुर थाना भोगनीपुर जिला कानपुर देहात पैर में गोली लगने से घायल हुआ जबकि मुठभेड़ में सिपाही सौरभ भी बदमाशों की गोली से घायल हो गया। पुलिस ने ऑपरेशन में सईद पुत्र शरीफ निवासी चान्दपुर थाना भोगनीपुर व रईस पुत्र अनीस निवासी जलालाबाद थाना थानाभवन जिला शामली को गिरफ़्तार कर लिया। ट्रक (यूपी 70 डीटी 6424) में आधा दर्जन गौवंश मृत पाए गए जबकि तीन दर्जन गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना पर अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने पूरी जानकारी दी। मौके पर सीओ रविन्द्र गौतम,एसएसआई गोकुल सिंह,चौकी इंचार्ज शशांक बाजपेयी,एसओ राजीव वैस,एसओजी प्रभारी योगेश पाठक आदि रहे।

Leave a comment