नशे में धुत चालक की लापरवाही से स्कूल वैन पेड़ से टकराई, दर्जनभर बच्चे घायल

 रामपुरा –उरई । नशे में धुत चालक की लापरवाही से तेज गति से चल रही स्कूल वैन सड़क किनारे खड़े वृक्ष से जा टकराई जिससे वैन में सवार 16 बच्चों में 11 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए | बाकी बच्चों को मामूली चोट आई है ।

रामपुरा थाना अंतर्गत ग्राम जगम्मनपुर में मारुति ओमनी वैन यूपी 75 एक्स 0074 पेड़ से टकरा गई जिससे उसमें सवार 16 बच्चे चुटिहल हो गए। बताया जाता है कि ग्राम जगम्मनपुर में संचालित स्वामी विवेकानंद जूनियर हाई स्कूल एवं मीरा बबेरिया जूनियर एजुकेशन अकादमी में शिक्षारत बच्चों को ग्रामीण क्षेत्र से लाने ले जाने के लिए विद्यालय संचालक देवेंद्र कुमार वर्मा द्वारा एक ओमनी सुजुकी वैन यूपी 75 एक्स 0075 की व्यवस्था की गई है । ओमनी वैन का टैक्सी परमिट न होने एवं बगैर स्वीकृत एलपीजी गैस से संचालित होने के कारण असुरक्षित मानी जाती है । आज शुक्रवार की दोपहर लगभग 2 बजे विद्यालय समय के बाद जब इस वैन से बच्चों को घर वापस भेजा जा रहा था उस समय कार चालक राजकुमार उर्फ राजू पुत्र रामप्रकाश शाक्यवार निवासी जगम्मनपुर शराब के नशे में धुत था परिणाम स्वरूप जगम्मनपुर भिटौरा रोड पर असंतुलित होकर वैन एक गहरी खाई में गिरने जा रही थी कि देवयोग से वह एक बड़े बबूल के पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई यदि यह वैन बबूल वृक्ष से टकराई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटनाग्रस्त बैंक में सवार 16 बच्चों में 11 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए । घटना में घायल बच्चों ने बताया कि चालक राजू ने बच्चों को जान से मारने की धमकी दी थी । घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह बैस , उपनिरीक्षक महादेव सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा भेजा एवं घटना में क्षतिग्रस्त ओमनी कार को गिरफ्त में ले बच्चों के अभिभावकों से प्राप्त तहरीर के आधार पर कार्यवाही प्रारंभ कर दी । उक्त घटना में क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ रविंद्र कुमार गौतम ने कहा कि बच्चों को मामूली चोट आई है | उन्हें उपचार के बाद घर भेजा जा रहा है । कार चालक नशे में धुत होने के कारण घटना घटित हुई | उसके विरुद्ध व विद्यालय प्रबंधक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है ।

Leave a comment