जनपद में उद्योगों में निवेश को ले कर जताया बड़ा आशावाद

उरई | उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु, मध्यम, निर्यात प्रोत्साहन खादी तथा ग्रामोद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद एक दिवसीय दौरे पर जालौन के उरई पहुंचे। जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक विगत दिनों लखनऊ में हुए इन्वेस्टर सम्मिट को लेकर की गई, जिससे यह पता लगाया जा सके कि उद्योग को लेकर व्यापारियों की तरफ से किस तरीके की प्रतिक्रिया मिल रही है।

उन्होंने उरई के लोकनिर्माण विभाग में अधिकारियों से बैठक करते हुए बात की और जनपद में उद्योग को बढ़ावा दिये जाने के बारे में व्यापारियों से मिलने वाले प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने अपर मुख्य सचिव को उद्योग क्षेत्र में मिलने वाली प्रतिक्रिया के बारे में अवगत कराया | साथ ही अधिकारियों ने बताया कि जनपद में आयोजित हुए इन्वेस्टर सम्मिट में शामिल होने वाले व्यापारी जनपद में उद्योग स्थापित करने के लिए उत्सुक हैं, जिससे जनपद के लोगों को लाभ दिया जा सके।

अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि लखनऊ में विगत दिनों इन्वेस्टर समिट हुआ था जो कि एक सफल इन्वेस्टर समिट था, इसके अलावा जालौन में भी इन्वेस्टर सम्मिट में व्यापारियों ने उत्सुकता दिखाई है, जिससे जालौन का चतुर्भुजमुखी विकास होगा। यहां युवाओं को रोजगार मिलेगा, इसके अलावा झांसी में भी व्यापार के संसाधन उपलब्ध होंगे, क्योंकि झांसी में कई उद्योगपतियों द्वारा व्यापार स्थापित करने की बात कही गई है |  इसके अलावा लोकल इकाइयों द्वारा भी जनपद में व्यापार को बढ़ावा देने की बात कही गई, उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों से जो एमओयू साइन किए गए हैं, वह जल्द ही धरातल पर उतरकर सामने आएंगे और इसका लाभ आने वाले समय में जालौन के साथ-साथ पूरे प्रदेश को होगा। उन्होंने कहा कि 6 महीने के अंदर इसको धरातल पर उतारने का काम किया जाएगा।

वहीं उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में उद्योग के केंद्र पहले से ही स्थापित होने शुरू हो गए हैं, चित्रकूट और झांसी में डिफेंस कॉरिडोर स्थापित होने से यहां की युवाओं को रोजगार भी मिलेगा, क्योंकि निवेश आने से रोजगार मिलने का विशेष लाभ मिलता है, इसीलिए बुंदेलखंड में रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

Leave a comment