मजदूर के घर एक माह पहले हुयी फ्रिज, टी.वी. की चोरी का रिपोर्ट के अगले ही दिन पर्दाफाश


उरई।
काम के लिये बाहर गये मजदूर के घर से एक माह पहले फ्रिज, टी.वी. आदि कीमती सामान चुराने वाले आरोपित को जालौन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। साथ ही सामान को उठा ले जाने के लिये प्रयोग की गयी ईको कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
जालौन सर्किल के सी.ओ. उमेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि कस्बा जालौन के मोहल्ला चिमनदुबे निवासी गोलू ने बुधवार को कोतवाली जालौन में रिपोर्ट दर्ज करायी थी कि एक माह पूर्व जब वह मेहनत मजदूरी करने म.प्र. चला गया था तो किसी ने उसके घर का फ्रिज, टी.वी. आदि सामान चुरा लिया। वापस आने पर सामान गायब मिलने पर वह रिपोर्ट दर्ज कराने आया है। पुलिस ने तत्परतापूर्वक इस मामले में छानबीन की जिससे एक दिन बाद ही चोरी के सामान के साथ सातिर चोर आशीष उर्फ पुच्ची को दबोच लिया गया। उसने बताया कि वारदात में उसके दो साथी और शामिल थे। उनकी भी तलाश पुलिस कर रही है।
सी.ओ. ने बताया कि चोरी का सामान वे लोग एक ईको कार से ढोकर ले गये थे। पुच्ची की निशानदेही पर जालौन कोतवाली पुलिस ने इस कार को जब्त कर लिया है।

Leave a comment