उरई।
प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं के कायाकल्प के लिए कृत संकल्पित उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के 9 अपै्रल को होने जा रहे सघन दौरे की तैयारियों को लेकर अधिकारी पूरी तरह चैकन्ना रूख अपनाये हुये है। उप मुख्यमंत्री झांसी से स्टाफ कार से सुबह साढ़े 10 बजे जनपद की सीमा में प्रवेश करेंगे। रास्ते में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एट में भी उनके स्वागत की व्यवस्था की है। जिला मुख्यालय पर पहुंच कर उप मुख्यमंत्री सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद अपराह्न साढ़े 12 बजे भाजपा के जिला कार्यालय में जन प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों व विचार परिवार के लोगो के साथ सरकार की योजनाओं की जमीनी स्थिति के बारे में फीड बैक लेंगे जिसे लेकर उनके अधिकारियों के पसीनें पोलपट्टी खुलने के भय से छूटे जा रहे है। खास तौर से जिला महिला अस्पताल के अधीक्षक और उनके स्टाफ के लोग सहमें हुये है जिन्होंने उप मुख्यमंत्री की मंशा को पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रखी है। जब से वर्तमान अधीक्षक ने कार्यभार संभाला है महिला अस्पताल में कोई सीजेरियन डिलीवरी बिना पैसे के नहीं होती। तीमारदार अपने मरीज की जान अटकी होने के कारण महिला अस्पताल स्टाफ की ब्लैकमैलिंग का शिकार होने के लिये मजबूर रहता है। महिला अस्पताल में दवाओं की अनुपलब्धता का बहाना भी शाश्वत हो चुका है। मरीजों और तीमारदारों को बाहर से दवा लेने के लिये मजबूर किया जाता है जिसमें महिला अस्पताल स्टाफ का कमीशन सैट रहता है।
उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में औपचारिक रूप से जिला अस्पताल और महिला अस्पताल का निरीक्षण दर्ज नहीं है लेकिन अगर अत्यन्त महत्वपूर्ण जनोपयोगी सेवा होने से वे निरीक्षण के लिये तत्पर हुये तो भी मरीज और तीमारदार उनके सामने मुंह खोल पायेंगे इसमें संदेह है। बहरहाल उप मुख्यमंत्री भाजपा कार्यालय से 1 बजकर 15 मिनट पर निरीक्षण गृह पहुचेंगे। निरीक्षण गृह में ही वे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। शाम 3 बजे उनका पुलिस लाइन के हैलीपेड से लखनऊ के लिये उड़ान भर लेने का कार्यक्रम है। इस बीच खबर मिली है कि भाजपा के कई पदाधिकारी उप मुख्यमंत्री के सामने पुलिस विभाग को छोड़कर अन्य विभागों में लोगों की शिकायतों के निस्तारण में औपचारिकता की जाने और इससे फरियादियों में निराशा होने की स्थिति सामने लाने की योजना भी बना रहे है लेकिन कितने लोग मौके पर यह हिम्मत दिखा पाते है, अलग सवाल है।







Leave a comment