वकीलों के वाहनों के चालान से बिफरे अधिवक्ता एसपी से मिले, नाराज वकीलों को एसपी ने लगाया मलहम


उरई।
अधिवक्ताओं ने गुरूवार को पुलिस के वाहन चालानी अभियान के खिलाफ बिगुल बजा दिया। युवा अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मण्डल ने पुलिस अधीक्षक से इस बारे में रूबरू होकर बात की और उन्हें विरोध पत्र सौपा।
इसमें शामिल रहे अधिवक्ता अंशुमान दीक्षित ने बताया कि पुलिस अधिक्षक को आगाह किया गया है कि अधिवक्ताओं के वाहनों का पुलिस मनमाना चालान कर रही है जिससे पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच टकराव का अखाडा तैयार होने लगा है। अगर ऐसा हुआ तो इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा।
सौरभ सोनी ने बताया कि कुछ दिन पहले एक अधिवक्ता के पिता गाडी चला रहे थे। जिनका गलत तरीके से चालान कर दिया गया। जीतेश ने कहा कि अधिवक्ताओं को मुवक्किलों के काम से आफिसों में इधर से उधर जाना पडता है जिसमें हर समय हेलमेट लगाना सम्भव नहीं होता। फिर भी पुलिस वाले चालान कर देते है जबकि अधिवक्ता भी आफिसर आॅफ कोर्ट होता है।
निर्मल तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने अधिवक्ताओं की बाते गौर से सुनी और भरोसा दिया कि अगर कोई गलत तरीके से अधिवक्ता का चालान करेगा तो उसका निलम्बन तय है। निकेतन, राज प्रजापति, रामगोपाल आदि अधिवक्ता भी एसपी से मिलने गये प्रतिनिधि मण्डल में शामिल थे।

Leave a comment