प्रयागराज में पुलिस हिरासत में दो माफियायों की हत्या से परेशान यू0पी0 पुलिस को जालौन जिले में दिनदहाडे छात्रा की हत्या से एक और सदमा


उरई।
प्रयागराज में पुलिस हिरासत में मीडियाकर्मी बनकर आये 03 हमलावरों द्वारा कुख्यात माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या के चलते सवालों से घिरी उ0प्र0 की सरकार और पुलिस के लिए सोमवार को जालौन जिले में घटित हुयी एक सनसनीखेज घटना ने मुसीबत बढाने का कार्य कर दिया है। इस वारदात में बी0ए0 की छात्रा की एट कस्बे में कोटरा मोड के पास व्यस्ततम क्षेत्र में पल्सर से आये दो युवकों ने दिन दहाडे गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गये।
घटना के बाद सन्नाटे में आये जिले के आला पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे एसपी इराज राजा ने पुलिस की चार टीमें हत्यारोपियों को पकडने के लिए गठित कर दी जो फोरन ही सक्रिय हो गयी। गनीमत यह रही कि इन टीमों की ताबडतोड दबिश के फलस्वरूप कुछ ही घण्टों में एक हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मृतका कोटरा थाने के ऐंधा गांव के निवासी मान सिंह अहिरवार की पुत्री थी। जिसकी उम्र 20 वर्ष बतायी गयी है। वह आज एट में रामलखन पटेल महाविद्यालय में बी0ए0 प्रथम वर्ष की डिजिटल मार्केटिंग की परीक्षा देने आयी थी और दोपहर में परीक्षा देकर घर वापिस लौट रही थी। तभी उसके साथ यह घटना घटित हो गयी। गोली लगने के फलस्वरूप उसने मौके पर ही दम तोड दिया। इस बीच लोगों ने हमलावर युवकों को पकडने की कोशिश की लेकिन वे मोटरसाइकिल तेल करके भाग निकलने में सफल रहे। इस दौरान 315 बोर का उनका तमंचा मौके पर ही छूट गया। बाद में पुलिस अधीक्षक इराज राजा ने मृतक युवती के परिजनों से बात की। उन्होंने क्लू दिया कि रोशनी को मारने वाले युवक जान पहचान के है। इस क्लू के आधार पर कार्यवाही करते हुए पुलिस एक आरोपी राज अहिरवार निवासी ग्राम जमरेही थाना कदौरा को दबोंचने में सफल रही। इसी बीच खबर मिली कि पुलिस देर शाम वारदात के समय राज जो कपडे पहने थे , उन्हें बरामद कराने के लिए उसे ले जाया जा रहा था तभी पचोखरा माइनर के पास उसने एट इंस्पेक्टर अवधेश सिंह की सर्विस पिस्टल छीन ली और उन पर फायर कर दिया . अवधेश सिंह ने मजबूरी में जवाबी फायर कर दिया जिससे राज के पैर में गोली लगी . तब पुलिस ने फिर उस पर काबू कर लिया .

Leave a comment