उरई।
भारतीय जनता पार्टी उरई नगर के चेयरमैन के प्रतिष्ठा पूर्ण चुनाव में केन्द्र और राज्य की सरकारों के काम को आधार बनाकर मतयाचना करेगी। शुक्रवार को अपनी इस रणनीति की झलक पार्टी के सेनापतियों ने चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर पत्रकार वार्ता में दी।
भारतीय जनता पार्टी की उरई नगर पालिका में चेयरमैन पद की प्रत्याशी रेखा वर्मा के झांसी रोड पर बैजनाथ विला में चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य की मोदी योगी डबल इंजन सरकारों की विकास और जन कल्याणकारी कार्यो की तेज रफ्तार को और गति देने के लिए मतदाताओं को नगर पालिका में पार्टी का तीसरा इंजन जोडना होगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं का जिस तरह का आशीर्वाद व समर्थन भाजपा को हर चुनाव में मिल रहा है उसकी नगर पालिका चुनाव में भी पुनरावृत्ति में किसी को सन्देह नहीं है।
जिला मुख्यालय की नगर पालिका सीट के चुनाव की बागडोर मुख्य रूप से सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने संभाली है। इस बीच वे कुशल चुनावी रणनीतिकार के रूप मंे स्थापित हो चुके है। जिससे आज उनकी उपस्थिति में पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं में जबरस्त अत्मविश्वास देखा गया। इस अवसर पर केन्द्र और राज्य सरकार के कामों का फोल्डर जारी किया गया। ध्यान रहे कि उरई नगर पालिका के पिछले चेयरमैन अनिल बहुगुणा को जीत तो भाजपा से बगावत कर चुनाव लडने के कारण निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मिली थी। लेकिन बाद में उन्हें भाजपा में शामिल कर लिया गया था। इसके चलते अनुमान लगाया जा रहा था कि उनके द्वारा कराये गये कार्यों को आगे बढाने का वास्ता पार्टी रेखा वर्मा के चुनाव में मुख्य रूप से देगी लेकिन पार्टी के नेता आज के कार्यक्रम में उनका नाम लेने से बचते रहे। खास बात यह रही कि अनिल बहुगुणा स्वयं भी रेखा वर्मा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन में कहीं नजर नहीं आये।
सदर विधायक और पार्टी प्रत्याशी रेखा वर्मा के अलावा इस अवसर पर वरिष्ठ वैश्य नेता डा0 दिलीप गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नगेन्द्र गुप्ता, भाजपा किसान मौर्चा के जिलाध्यक्ष सूर्य नायक और पार्टी के पूर्व नगराध्यक्ष हरेन्द्र विक्रम सिंह मौजूद थे।







Leave a comment