उरई।
लहारियापुरवा में कच्चे मकान के छप्पर खप्पर गिर जाने से मां और उसकी दो नन्हें बच्चों की मलबे में नीचे दबकर मौत हो गयी जबकि एक वृद्धा घायल हुयी है जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईद के त्यौहार के दिन हुए इस हादसे के चलते पूरे इलाके में मातम पसर गया।
हादसा सुबह लगभग 4ः20 मिनट पर हुआ जब नफीस का पूरा परिवार घर में बेसुध सो रहा था। अचानक भरभराकर छप्पर और और उसके नीचे दबे टाइल्स गिर गये जिससे मलबे में पूरा परिवार दब गया और चीख पुकार मच गयी। आस पास के लोगों की नींद उनके कोहराम के चलते टूट गयी। सभी नफीस के घर की ओर दौड पडे। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया गया लेकिन इसमें काफी देर लगी तब तक मायके आयी नफीस की 25 वर्षीय पुत्री सबिया, उसका ढाई वर्षीय बेटा फैज और चार माह की पुत्री अनाबिया दम तोड चुके थे। जबकि नफीस की 55 वर्षीय बीबी नूरजहां गम्भीर रूप से घायल हो गयी जिसे जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है। हादसे की जानकारी मिलने पर नगर पुलिस उपाधीक्षक गिरजा शंकर त्रिपाठी ने कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार राठौर के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और दुखी परिवार को सात्वना देकर ढांढस बधाया। प्रशासन के निर्देश पर लेखपाल ने मौका मुआयना किया। उसने बताया कि क्षति की रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपेगे ताकि प्रभावित परिवार को सरकारी सहायता मिल सके।







Leave a comment