भाई चारे के साथ जनपद भर में उल्लास पूर्वक मनी ईद


उरई।
ईदुल फितर का त्यौहार पूरे जनपद में शान्तिपूर्ण ढंग से भाई चारे की भावना के साथ उल्लास पूर्वक मनाया गया। सुबह ईदगाह व अन्य मस्जिदों में नमाजियों ने जिनमें बडों के साथ-साथ किशोर और बच्चे तक शामिल थे, नये कपडे पहनकर नमाज अदा की जिसमें अपने परिवार के साथ-साथ जिले और मुल्क की सलामती व खुशहाली की दुआ मांगी गयी। नमाज के बाद अकीदत मंदों ने गरीबों को जकात बाटी। मस्जिदों व शिक्षण संस्थाओं के लिए भी जकात दी गयी।
नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर त्यौहार की मुबारकबाद दी जिसमें सभी धर्मों के लोग शामिल थे। प्रशासन के निर्देश के अनुरूप मस्जिदों के आस पास साफ सफाई और बिजली पानी की चाक चैबन्द व्यवस्था देखने को मिली। मस्जिदों की ओर जाने वाली सड़क, रास्तों पर सफेद कलई का छिडकाव कराया गया था। शाम को सभी धर्मों के लोगों ने मोमिनों के घर जाकर उनके साथ त्यौहार की खुशी बाटी। इस दौरान मोमिनों ने अपने मेहमानों की सिवई, नमकीन पकौडिया और मिठाई खिलाकर खातिर दारी की।
नमाज के दौरान प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी चांदनी सिंह व पुलिस अधीक्षक ईराज राजा मोबाइल लेकर शांति व्यवस्था का जायजा लेते रहे। दोनों अधिकारियों ने इस दौरान नमाजियों से भेट भी की और उन्हें ईद की मुबारकबाद भी दी। शहर काजी शकील बेग रहमानी ने करसान रोड मस्जिद पर पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक इराज राजा को गले लगाकर जोशीले ढंग से मुबारकबाद दी। डीएम चांदनी सिंह का भी जोरदार इस्तकबाल किया और उन्हें मिठाई खिलायी।

Leave a comment