सौ-सौ के जाली नोट बंगाल से लाकर चलाने वाले पांच शातिर पुलिस ने दबोचे


उरई।
बाजार में जाली इन्डियन करेंसी खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस सिलसिले में पांच लोग जालौन कोतवाली पुलिस ने फेक करेंसी के साथ गिरफ्तार किये है।
अपर पुलिस अधीक्षक असीम चैधरी ने मीडिया के सामने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को अपने कुछ सूत्रों से जानकारी मिली थी कि उनके इलाके में कुछ लोगों के बाहर सम्पर्क है। जहां से जाली करेंसी लाकर बाजार में खपायी जा रही है।
इस सूचना के आधार पर वे सतर्क हो गये। उन्होंने अपने उच्चाधिकारियों को जानकारी देकर उनका मार्ग दर्शन इस गिरोह की पहचान करने और इसके लोगों को दबोचने के लिए लिया। आखिरकार वे जाली करेंसी लाने वाले गिरोह को घेरने में कामयाब रहे।
गिरफ्तार लोगों के नाम नरेन्द्र पाल सिंह गुर्जर उर्फ लालू निवासी लहरऊआ थाना जालौन, भानु पाठक उर्फ त्रिलोचन प्रसाद निवासी सुरावली थाना कुठौन्द, बृजेन्द्र गुर्जर उर्फ पप्पू निवासी कन्हरी थाना नदीगांव, मनोज दुबे निवासी जगनेवा और नरेन्द्र शाक्यवार निवासी जगनेवा थाना जालौन बताये गये है। इनके पास से 100-100 रूपये के 49 नकली नोट बरामद हुये है। जामा तलाशी में मिले इनके आधा दर्जन मोबाइल भी जब्त कर लिये गये।
आरोपितो को जाली नोट कहां से मिले यह पूछने पर उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में एक व्यक्ति आधे भुगतान में जाली नोट उपलब्ध कराता था जो एक दम असली नोटों के सदृश्य होते है। कई बार वे उससे फेक करेंसी लाकर बाजार में चला चुके है। लेकिन पहले कभी पकडे नहीं गये थे।
पुलिस अभी भी इस मामले की छानबीन मंे लगी हुयी है ताकि पता चल सके कि और लोग तो इनके साथ शरीक नहीं है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उक्त गिरोह में अभी तक कितने मूल्य के जाली नोट बाजार मंे खपाये है।

Leave a comment