उरई | माधौगढ़ थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश की सीमा के पास महोई गांव के सामने बारातियों से भरी बस के पलटने से 5 लोगों की मौत हो गयी | कई लोगों की हालत अभी भी गंभीर है | उनको मेडिकल कालेज में लाया गया है | जिलाधिकारी चाँदनी सिंह ने मेडिकल कालेज पहुँच कर घायल यात्रियों के इलाज के इंतजामों का जायजा लिया |
रेंढर थाना क्षेत्र के मढेरा गाँव से यह बस रात में बरात ले कर रामपुरा गाँव गयी थी | रात में ही जब बस वापस लौट रही थी तभी 2 से 2.30 बजे के बीच रात में गोपालपुरा के पास बस में अज्ञात डम्पर ने टक्कर मार दी | टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड गए | उसकी छत पूरी तरह अलग हो गयी |
बस में 40 बाराती सवार थे | लगभग 16 लोग इसमें गंभीर रूप से घायल हो गए | जिनमें 5 ने दम तोड़ दिया | कई घायल अभी भी मरणासन्न हैं |
सूचना मिलने पर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने आस पास के कई थानों की फ़ोर्स मौके पर भेज दिया | बाद में वे स्वयं भी बचाव कार्य की निगरानी के लिए माधौगढ़ पहुंचे | मीडिया को उन्होंने दुर्घटना की जानकारी दी |
नाजुक स्थिति वाले घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया | इस बीच जिलाधिकारी चाँदनी सिंह अपर जिलाधिकारी पूनम सिंह के साथ मेडिकल कालेज पहुँची | उन्होंने घायलों के उपचार के बारे में जानकारी ली और मेडिकल कालेज अस्पताल के सी एम् एस डॉ प्रशांत निरंजन को आवश्यक निर्देश दिए | तीन घायलों को स्थिति अधिक गंभीर हो जाने पर उन्हें बाहर के लिए रेफर कर दिया |







Leave a comment