उरई।
जालौन जिले में किसानों की आत्महत्या का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। पिछले दिनांे कदौरा क्षेत्र में खेती में हुए घाटे से परेशान किसान द्वारा फांसी लगा लिये जाने की घटना की स्याही अभी सूख नहीं पायी थी कि मंगलवार की रात को एट क्षेत्र में भी एक किसान द्वारा फांसी लगाकर जान दी जाने की खबर सामने आ गयी।
विवरण के अनुसार एट थाना क्षेत्र के सतोह के 38 वर्षीय किसान जगदीश प्रजापति का परिवार चलाने के लिए खेती की सीमित आय से गुजारा नहीं हो पा रहा था। उस पर तुर्रा यह कि जगदीश ने निजी लोगों और साथ-साथ इलाहाबाद बैंक से भी कर्जा ले रखा था जिसको लेकर वह परेशान रहता था। बताया तो यह जा रहा है कि वह पहले भी एक बार नींद की गोलियां खाकर आत्म हत्या की कोशिश कर चुका था लेकिन तब उसकी जान बच गयी थी। कल रात उसने इसी अवसाद में अपने कमरे में साफी का फंदा कसा और लटक गया जिससे उसकी मौत हो गयी।
बाद में परिजनों ने जब उसका मृत शरीर फांसी पर झूलते देखा तो घर में कोहराम मच गया। मृत किसान के परिवार में पत्नी के अलावा उसके दो लडके है। खबर पाकर एसआई अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।






Leave a comment