उरई।
बीती रात हाइवे पर गोविन्दम होटल के पास पुलिस जवान को शहीद करने वाले बदमाशों का पता लगाने के लिए पूरी ताकत झौंक दी गयी है। एडीजी जोन आलोक सिंह और डीआईजी जोगिन्दर कुमार ने भी यहां आकर डेरा जमा लिया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित की गयी चार टीमों की सहायता के लिए फोरेंसिक फील्ड यूनिट, श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ते को भी लगाया गया है। इसी बीच पुलिस लाइन में शहीद जवान को अन्तिम विदाई दी गयी। आखिरी सलामी देकर शहीद जवान की अर्थी को एडीजी जोन, डीआईजी और एसपी कंधा देते हुए पुलिस लाइन के शहीद द्वार से बाहर तक लाये और इसके बाद पार्थिव शरीर को मथुरा से आये उसके परिजनों को सौप दिया।
गौरतलब है कि हाइवे चैकी पर तैनात भेदजीत सिंह रात में हाइवे पर पिकेट डयूटी कर रहा था। लगभग 2ः00 बजे उसे रोंग साइड में बाइक चलाकर आते दो लोग दिखे तो उसने उनकी तरफ टाॅर्च फैंक कर उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन बदमाशों ने रूकने की बजाय अपनी बाइक की स्पीड तेज कर दी। संदेह होने पर भेदजीत ने उनका पीछा करना चाहा तो बदमाशों ने उस पर निशाना साधकर सिर में गोली दाग दी जिससे वह शहीद होकर मौके पर ही गिर पडा। इस सनसनीखेज घटना से पूरा पुलिस महकमा हिल उठा है। जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक इराज राजा तत्काल मौके पर पहुंच गये थे। हालाकि अभी तक घटना कैसे हुयी इसका सही विवरण नहीं मिल पाया है। रात से ही लखनऊ से भी पुलिस अधीक्षक को घटना की जानकारी लेने के लिए उच्चाधिकारियों की मोबाइल काॅल आनी शुरू हो गयी थी।
दिवंगत सिपाही भेदजीत सिंह मथुरा जिले का रहने वाला था। पहले वह सैना में रह चुका है। बाद में उसकी पुलिस में भर्ती हुई। सिपाही की हत्या राज्य सरकार और प्रदेश के पुलिस महकमें के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गयी है। इसलिए यह दुस्साहस करने वाले बदमाशों को आसमान से पाताल तक ढूंढने के अन्दाज में पुलिस जुट पडी है। इस काण्ड को लेकर राज्य सरकार की कानून व्यवस्था एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर आ गयी है। समाजवादी पार्टी ने इस काण्ड पर ट्वीट कर राज्य सरकार को घेरने की कोशिश की है। अन्य दल भी राज्य सरकार को निशाना बना रहे हैं।
उधर शहीद सिपाही के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन लाया गया। जहां एडीजी जोन, डीआईजी रेंज और एसपी ने पुष्प चक्र चढाकर शहीद सिपाही को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इसके बाद शहीद सिपाही को पूरे सम्मान के साथ आखिरी सलामी दी गयी।







Leave a comment