कोंच –उरई | जालौन जिले में आधार न होते हुए भी उवैशी की पार्टी एआईएमआईएम के यहाँ के प्रत्याशी ने दिग्गजों के बीच जीत के मुहाने तक पहुँच कर सभी को चौंका दिया हालांकि सफलता के मुकाम पर पहुँचने से वे बाल बाल चूक गए |
कोंच नगर पालिका के चेयरमेन पद के लिए इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा | कई उम्मीदवारों के बीच करीबी मुकाबला रहा | इसीलिये भाजपा के विजेता उम्मीदवार प्रदीप गुप्ता की धड़कने आखिर तक तेज रहीं | एकबारगी तो यह तय दिखने लगा था कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विज्ञान विशारद सिरौठिया के पक्ष में बाजी जा चुकी है लेकिन मत गणना के अंत तक मामला पलट गया | प्रदीप गुप्ता को 6562 और विज्ञान विशारद सिरौठिया को 6519 मत मिले जबकि एआईएमआईएम के डॉ संजीव निरंजन ने भी लगभग इतने ही 6156 मत हासिल किये | बसपा की शीतल कुशवाहा को 5681 और सपा की सुषमा शुक्ला को 5582 मत मिले | कुछ चक्रों में इन प्रत्याशियों ने भी बढ़त बनाई जबकि कांग्रेस के तौसीफ अहमद जिन्हें लोग छुपा रुस्तम मान रहे थे का एआईएमआईएम प्रत्याशी ने बेड़ा गर्क कर दिया | वे मात्र 955 वोटों पर सिमट गए | निर्दलीय प्रत्याशी सिराजुद्दीन काजी ने उनसे ज्यादा 1286 वोट प्राप्त कर लिए | लोगों का तो यह कहना है कि अगर काजी इतने मुस्लिम वोटों का बटवारा न करते तो शायद डॉ संजीव कामयाब हो जाते लेकिन मुस्लिम यह अंदाज नहीं लगा पाए कि वे भाजपा में सेंध लगा कर सजातीय वोटों का इतना समर्थन जुटा पायेंगे |






Leave a comment