उरई।
नगर निकाय चुनाव सम्पन्न होने और आचार संहिता को हटाये जाने के तत्काल बाद उप जिलाधिकारियों के कार्य क्षेत्र में डीएम ने व्यापक बदलाव कर डाला। इसके तहत सदर एसडीएम राजेश सिंह को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर कालपी के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार आईएएस को सदर एसडीएम की कमान सौंप दी गयी है।
जिलाधिकारी चांदनी सिंह द्वारा हस्ताक्षरित तबादला सूची के अनुसार उपजिलाधिकारी माधौगढ अंगद सिंह को उपजिलाधिकारी कोंच बना दिया गया है। निवर्तमान सदर एसडीएम राजेश सिंह को कोंच में उप जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है।
कोंच के एसडीएम कृष्ण कुमार सिंह इसी पद पर अभिषेक कुमार की जगह कालपी में तैनात कर दिये गये है। कोंच के उप जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण को माधौगढ का एसडीएम नियुक्त किया गया है। आज के तबादलों में चुनाव परिणाम की छाया भी नजर आ रही है। कहा जा रहा है कि उरई नगर पालिका के चेयरमैन पद पर भाजपा की बडी हार का खामियाजा राजेश  सिंह को उठाना पडा। उन्हें प्राइज पोस्टिंग के मजे से महरूम होकर लूप लाइन की नियति स्वीकार करनी पड गयी है। दूसरी ओर रामपुरा और ऊमरी में मतगणना के घटना क्रम में भूमिका को लेकर माधौगढ के तत्कालीन एसडीएम अंगद सिंह यादव कोंच एसडीएम की खुश किस्मत पोस्टिंग के अधिकारी बने। जालौन में जहां सत्तारूढ पार्टी को नगर पालिका चुनाव में कम्फरटेबिल बहुमत से सफलता मिली थी वहां के एसडीएम तबादलों के इस तूफान में सुरक्षित बच गये है।

Leave a comment