
उरई | रक्त का मूल्य उस व्यक्ति से पूछो जिसका परिजन जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा होता है। ऐसे में यदि आपका रक्त किसी की जान बचाता है तो मरीज व उसके परिजन आपको दुआएं देते हैं। आपका रक्त कम से कम तीन लोगों की जान बचा सकता है। आज रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को मैं नमन करता हूं। यह बात गुरुवार को राजकीय मेडीकल कालेज में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कही।
यूपी जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन उपजा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद व ब्लड कमाण्डो फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित शिविर में उन्होंने कहा कि आप किसी की जान बचाने का काम कर रहे हैं, इससे जरुरत मंद लोगों की मदद होती है, रक्तदान महादान है। मेडीकल कालेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार मौर्य ने कहा कि आप लोग ज्यादा से ज्यादा लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करें। क्योंकि समाज में ऐसी भ्रांतियां फैली हैं कि रक्तदान से कमजोरी आती है। जबकि सच्चाई यह है कि रक्तदान से हमारे शरीर की सफाई होती है। सीएमएस प्रशांत निरंजन ने कहा कि रक्त दान करने से दिल की बीमारियों और स्ट्रोक का खतरा कम होता है। खून में आयरन की ज्यादा मात्रा दिल के दौरे को बढ़ा सकती है। नियमित रक्तदान से आयरन की अतिरिक्त मात्रा नियंत्रित रहती है। कार्यक्रम को डॉ. जितेंद्र मिश्रा, ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. माशूक सिद्दीकी, उपजा के जिलाध्यक्ष अचल शर्मा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष रामबिहारी वर्मा, ब्लड कमाण्डो फउंडेशन के संस्थापक शुभम अग्रवाल व राघवेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन अजय सोनी ने किया। इस दौरान बीस लोगों ने रक्तदान किया व तीस लोगों के रजिस्ट्रेशन किए गए। इस मौके पर उपजा से महेश प्रजापति, अलीम अहमद, आशुतोष द्विवेदी, विकास गुप्ता, नीरज प्रजापति, शंकर शुक्ला, मनोज सैनी, रोहित सोनी, रामजी व्यास आदि लोग मौजूद रहे।







Leave a comment