उरई।
कालपी में टप्पेबाज अधेड चाय विक्रेता को लगभग 50 हजार रूपये का चूना लगाकर फरार हो गये। उनकी कारस्तानी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी।
मुहल्ला महमूदपुरा निवासी जमुना प्रसाद (55वर्ष) की कालपी कोतवाली के पास चाय की दुकान है। आज वे 49हजार रूपये से अधिक की रकम लेकर कमेटी में जमा करने जा रहे थे। इसकी मुखबिरी हो गयी। नतीजतन मुहल्ला हरीगंज में बाइक सवार दो टप्पेबाजों ने आत्मीयता दिखाते हुए उन्हें पैर छूकर रोक लिया। उन्होंने जमुना प्रसाद से किसी के घर का पता पूछा और इसके बाद उन्हें घर दिखाने के लिए अपनी मोटर साइकिल पर बैठाने को राजी कर लिया। रास्ते में बदमाशों ने जमुना प्रसाद की रकम मार ली जिसका उन्हें पता नहीं चला। बाद में वे उन्हें थोडी दूर पर उतार कर चले गये।
कुछ देर बाद जब जमुना प्रसाद को अपने साथ हुयी टप्पेबाजी का एहसास हुआ तो उनके होश उड गये। उन्होंने फौरन पुलिस को खबर की। कालपी सर्किल के सीओ ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में टप्पेबाजों द्वारा जमुना प्रसाद के पैर छूते समय का दृश्य कैद हो गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही टप्पेबाज पकड लिये जाने की आशा है।

Leave a comment