उरई।
अगामी 21मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के क्रम में आज अपर जिला न्यायाधीश अरूण कुमार मल्ल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुयी जिसमें जिले के समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट, सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित हुए। अपर जिला न्यायाधीश प्रथम लोक अदालत आयोजन समिति के नोडल हैं।
बैठक में अपर जिला न्यायाधीश अरूण कुमार मल्ल ने कहा कि 21 मई की राष्ट्रीय लोक अदालत जिला दीवानी न्यायालय एवं वाहय स्थित न्यायालयों में आयोजित होगी। इसमें राजस्व कानून, स्टाम्प अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम, पुलिस चालानी, शमनीय अपराधिक वाद, प्रकीर्णवाद, वन अधिनियम आदि विभिन्न प्रकृति के अधिकाधिक मामलों को नियत किया जाना है। इस सम्बन्ध में सभी सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा परिणामोन्मुखी व सार्थक प्रयासों की आवश्यकता है। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेनू यादव ने सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों से कहा कि वे अपने अन्तर्गत आने वाले सभी थाना प्रभारियों को निर्देश निर्गत करे कि वे विभिन्न न्यायालयों के सम्मन व नोटिसों का शतप्रतिशत तामीला सुनिश्चित करायें क्योंकि संज्ञान में यह आया है कि कुछ थानों में इनके तामीला के आधे अधूरे प्रयास किये जाते है। इसलिए चेतावनी दी जाती है कि थाना प्रभारी आगे इसमें ढिलायी बरतने से बाज आये और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के निरंतर सम्पर्क में रहे। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों की अलग से क्लास ली गयी।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट रामप्रकाश, जालौन के उप जिला मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार पाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार गौतम, पुलिस क्षेत्राधिकारी कोंच शैलेन्द्र कुमार बाजपेयी, नायब तहसीलदार कालपी नीलमणि सिंह यादव, नायब तहसीलदार कोंच राहुल यादव, नायब तहसीलदार माधौगढ भुवनेन्द्र कुमार, एसएचओ थाना आटा अर्जुन सिंह, प्रभारी निरीक्षक एट अवधेश कुमार सिंह, एसओ नदीगांव उमाकान्त ओझा, उप निरीक्षक कोंच सचिन शुक्ला, उप निरीक्षक रेंढर राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।







Leave a comment