घर बैठे कानूनी मशविरा लें , टेली लॉ सर्विस की कार्यशाला में लोगों को मिली नए प्रोजेक्ट की जानकारी

उरई |

गुरुवार को विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में टेली लॉ सर्विस के अंतर्गत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा टेली न्यायिक सलाह और सहायता देना था। वादकारियों एवं आम जनता को उनके द्वार पर न्यायिक सलाह और सहायता दिये जाने की व्यवस्था इस ‘‘टेली लॉ स्कीम‘‘ में की गयी है। 

     इस कार्यशाला में उपस्थित टेली लॉ पैनल अधिवक्ता, प्रो-बोनो पैनल  अधिवक्ता, पैरालीगल वालंटियर्स, सी0एस0सी0 सेन्टर संचालक ( वी0एल0ई0 ) और अन्य समाजसेवियों को जानकारी देते हुये राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने बताया कि ‘‘टेली लॉ स्कीम‘‘ प्रोजेक्ट टेली लॉ न्याय मंत्रालय, विधिक सेवा प्राधिकरण और कॉमन सर्विस सेंटर ई गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड द्वारा शुरू किया गया है, जिसमें कानूनी सलाह के हकदार सी0एस0सी0 सेंटर पर जाकर अपनी समस्या को रजिस्टर कर नामित वकीलों से उसी दिन सलाह पा जाते हैं , यदि पीड़ित का सलाह से काम नहीं हो पाता है तो उत्तर प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा उसको विधिक सहायता दिलाई जाती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव रेनू यादव द्वारा सभी से यह अपेक्षा की गयी कि वह उक्त डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें, क्योंकि यह एक ऐसा माध्यम है, जिससे कहीं से भी घर बैठे कोई भी पीड़ित व्यक्ति या वादकारी कानूनी समस्या के सम्बन्ध में निःशुल्क विधिक परामर्श ले सकता है। टेली लॉ पैनल अधिवक्ता और पैरालीगल वालंटियर्स को उन्होंने निर्देशित करते हुये कहाकि टेली लॉ स्कीम के माध्यम से वह अपने कार्य को अधिक सुगमतापूर्वक प्रभावी ढंग से कर सकते है। 

  इस कार्यशाला में डी0सी0 एनआरएलएम दिनेश कुमार यादव, टेली लॉ पैनल लॉयर मन्जूलता, न्यायबन्धु  राजकुमारी निशाद, विकास कुमार एड0, सी0एस0सी0 जालौन टीम से जिला प्रबंधक आलोक पाल, सौरभ कुमार याज्ञिक एवं जिला समन्वयक रेहान अहमद, टेली लॉ पीएलवी0 अरविन्द पाण्डेय, धर्मेन्द्र कुमार, विपिन कुमार, बादाम सिंह, अजय गौतम, सीता तिवारी, दीक्षा एवं देवेन्द्र सिंह आजाद सहित लगभग 100 जन सेवा केंद्रों के संचालक मौजूद रहे।

Leave a comment