बाल संस्कार शिविर में महापुरुषों की प्रेरक कथाओं से गढ़ा बच्चों का मानस

जालौन-उरई । भारत विकास परिषद महिला एवं बाल विकास प्रकल्प के आह्वान पर भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन महिला इकाई के द्वारा बाल संस्कार शिविर का आयोजन उच्च प्राथमिक विद्यालय लौना में किया गया।

बाल संस्कार शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए परिषद की प्रमुख शाखा के कोषाध्यक्ष एवं शिक्षक अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने महापुरुषों के चरित्र के प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, महाराणा प्रताप के देशभक्ति पूर्ण प्रसंगों को प्रस्तुत कर बच्चों को प्रेरणा प्रदान की। सचिव अखिलेश गुप्ता, संयुक्त सचिव प्रेम कुमार गुप्ता (कल्लू बजाज), श्रीमती कंचन अग्रवाल, श्रीमती ऊषा गुप्ता, श्रीमती अनीता महेश्वरी, श्रीमती उमा गुप्ता ने भी महापुरुषों के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। महिला संयोजिका एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्षा श्रीमती ऊषा गुप्ता ने महारानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना झलकारी बाई, अहिल्याबाई होल्कर के जीवन प्रसंगों से प्रेरणा लेने की अपील की। संचालन शाखा अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल ने किया। शिविर का प्रारंभ वंदे मातरम से एवं समापन राष्ट्रगान जन गण मन से हुआ। विद्यालय के बच्चों ने शिविर गीत “देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें” प्रस्तुत किया। इस अवसर पर भारत को जानो प्रतियोगिता की नगर स्तर पर विजेता रही इसी विद्यालय की छात्राओं कु दीप्ति व  कु काजुल को भी सम्मानित किया गया। शिक्षिकाओं श्रीमती संतोष कुमारी व श्रीमती प्रतिमा निरंजन को उत्कृष्ट  शिक्षण कार्य एवं बच्चों को सुसंस्कारित आचरण के लिए सम्मानित किया गया। इसके पूर्व महिला इकाई की सम्पन्न बैठक में श्रीमती ऊषा गुप्ता, श्रीमती कंचन अग्रवाल, निधि अग्रवाल, किरन अग्रवाल, अनीता महेश्वरी, श्रीमती सुमन गुप्ता, श्रीमती उमा गुप्ता की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। मान सिंह परिहार का शिविर में विशेष योगदान रहा। आभार ज्ञापन श्री अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने किया।

Leave a comment