उरई | गर्मी बढ़ने के साथ लगातार विद्युत् आपूर्ति बाधित होने और नतीजतन पेयजल संकट गहराते जाने से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है | शुक्रवार को इससे गुस्साई भीड़ ने सबेरे के समय चुर्खी बाईपास पर जाम लगा दिया | लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जम कर नारेबाजी की | भीड़ के तेवर देख कर विद्युत् अधिकारी काँप गए | पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह लोगों की मान मनोव्वल कर जाम खुलवा पाया |
मौसम का पारा चढ़ने से गर्मी में लोग बेहाल हो रहे हैं | ऐसे में विद्युत् व्यवस्था गड़बड़ा गयी है | कभी लाइन फाल्ट , कभी ट्रांसफार्मर फूंकने से पल –पल बिजली की आँख मिचौली का खेल चलता रहता है जिससे लोगों का चैन छिन गया है | दूसरी ओर इसके कारण जलापूर्ति भी बाधित हो रही है | इसके वाबजूद न तो बिजली विभाग के अधिकारियों और न ही प्रशासनिक अधिकारियों ने अभी तक कोई कारगर कदम उठाने की चेष्टा की है | जिसके चलते लोगों का गुस्सा आज फूट पडा | तमतमाई भीड़ ने चुर्खी बाईपास पर महाराणा प्रताप चौक के पास सड़क जाम कर दी | खबर पा कर आनन् फानन पुलिस के अधिकारी क़ानून व्यवस्था सम्हालने के लिए मौके पर पहुँच गए | बाद में उनके प्रयासों से जाम खुल गया | सभासद प्रतिनिधि बैजनाथ , देवेन्द्र जाटव , अजय गौतम ,हिमांशु खरकया आदि भीड़ का नेतृत्व कर रहे थे |
उधर स्वराज इंडिया पार्टी ने शहर भर में चरम सीमा पर पहुँच चुकी विद्युत् और जलापूर्ति अव्यवस्था को ले कर बैठक करके बड़ा आन्दोलन छेड़ने की धमकी दी | जिलाध्यक्ष पंकज सहाय ने कहा कि सरकार और बिजली विभाग वसूली के लिए बढ़ चढ़कर तत्परता दिखाता है लेकिन उपभोक्ताओं को सुचारू सेवा देने की प्रतिबद्धता दिखाने में उसे कोई दिलचस्पी नहीं है | घटाया ट्रांसफार्मर और वायर का इस्तेमाल कमीशन खोरी के कारण हो रहा है जिसकी पोल गर्मी का मौसम खोल देता है लेकिन इंजीनियरों का तो इससे कुछ बिगड़ता नहीं है , जनता ही इसका खामियाजा भुगतती है | यह स्थिति अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी | पन्नालाल विश्वकर्मा ने कहा कि विद्युत् और जलापूर्ति बाधित होने पर सम्बंधित विभाग से वसूली कर उपभोक्ताओं को हर्जाना दिलाने का प्रावधान होना चाहिए तभी स्थिति सुधरेगी | सत्यनारायण तिवारी ने इस मामले में जन प्रतिनिधियों को भी आड़े हाथ लिया | उन्होंने कहा कि लोगों के सरोकारों से वे अपना कोई वास्ता नहीं समझाते इसलिए अभी तक इस मामले में उनका कोई हस्तक्षेप सामने नहीं आया है | बैठक में सीताराम प्रजापति, हरिकिशन सक्सेना , मोनू याज्ञिक , धर्मेन्द्र कुमार , अमन विश्वकर्मा , मनोज सक्सेना आदि मौजूद रहे |







Leave a comment