नगर निकाय चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन पर बेरहम समीक्षा , जिले में भाजपा के जिम्मेदारों से किये जायेंगे कडे सवाल

उरई | सत्तारूढ़ पार्टी उरई नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में  पूरी ऊर्जा लगा देने के वाबजूद नाकाम रही इसे ले कर प्रदेश में उच्च स्तर तक भाजपा को बड़ा मलाल है | 21अगस्त को जिले के प्रभारी मंत्री इस हार की कैफियत स्थानीय नेताओं से जानने के लिए  यहाँ आ रहे हैं | पार्टी का हर गुट इस दौरान दूसरों को घेरने के लिए  अपने तीरों की धार बढाने में जुटा है |  

प्रभारी मंत्री धर्मवीर  प्रजापति सोमवार को आगरा से चल कर बुन्देलखंड एक्सप्रेस वे के रास्ते जिले में प्रवेश करके सुबह 10. 30 तक सीधे लोक निर्माण निरीक्षण गृह पहुंचेंगे| वे सबसे पहले  भाजपा कार्यकर्ताओं से भेंट कर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बारे में उनका फीडबैक लेंगे | इसके बाद भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में उरई की हार और जिले में कुल मिला कर पार्टी द्वारा अपेक्षित प्रदर्शन न कर पाने पर कोर कमेटी के लोगों के साथ दो टूक चर्चा करेंगे | मजे की बात यह है कि खुद प्रभारी मंत्री भी इसे ले कर प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के सामने कटघरे में खड़े किये जा रहे हैं | इस बीच केन्द्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा उरई में निराशाजनक प्रदर्शन के लिए सार्वजनिक तौर पर गलत उम्मीदवारों के चयन की बात से  पार्टी के प्रतिद्वंदी नेताओं के सिर पर इस नाकामी का ठीकरा फोड़ चुके हैं जिससे पार्टी में  अंदरुनी रार गहरा गयी है |

  उधर आम कार्यकर्ता जिले के अधिकारियों द्वारा  फरियादियों के प्रति बरती जा रही  बेरुखी और घनघोर भ्रष्टाचार की शिकायत प्रभारी मंत्री से करने का मौक़ा तलाश रहे हैं जिसका निवारण समय रहते कर देने का आग्रह उनसे किया जाएगा | बकौल कार्यकर्ताओं के यदि यह ढर्रा जारी रहा तो कुछ ही महीने बाद होने जा रहे लोकसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान झेलना पड़ सकता है | देखना होगा प्रभारी मंत्री इस पर क्या करेंगे |

शाम को वे ग्राम चाँदनी में हो रहे विष्णु महायाग्य में शामिल होंगे जहां से सीधे औरैया होते हुए लखनऊ प्रस्थान कर जायेंगे |

Leave a comment