पत्नी पर चाकू लेकर जल्लाद की तरह टूटने वाला दारा सिंह आया पुलिस की गिरफ्त में


उरई।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी पर वहशियाना ढंग से चाकू से वार कर के मरणासन्न करने के बाद फरार हुए पति को प्रभारी निरीक्षक केपी सरोज की मेहनत से एक ही दिन बाद दबोच लिया गया है।
गौरतलब है कि घायल महिला सूरजमुखी वर्तमान में अपने पति के नशा करके अत्याचार करने से परेशान होकर मायके में रहने लगी थी। सूरजमुखी का मायका लोहई दिवारा गांव में है और उसका बीस वर्ष पहले जोल्हूपुर निवासी दारा सिंह से विवाह हुआ था। हाल के कुछ वर्षों से दारा सिंह बहुत ज्यादा नशा करने लगा था। इसलिए उसने अपनी पूरी जमीन बेच डाली थी। उसके घर में फाकाकशी की नोबत आ गयी थी। उसकी बेटी का विवाह भी होना है लेकिन इन सभी परिस्थितियों पर गौर करने की बजाय वह नशे का गुलाम बन जाने के कारण अपने में सुधार नहीं ला पा रहा था। पत्नी के साथ मारपीट भी करता था इसलिए सूरजमुखी कुछ दिनों पहले ससुराल से अपने मायके चली आयी थी।
गत दिनों दारा सिंह को जब तलब लगी तो वह लोहई दिवारा में पत्नी के पास आ धमका। इस दौरान उसकी पत्नी से कहा सुनी हो गयी तो ताव में आकर दारा सिंह ने पत्नी सूरजमुखी पर चाकू निकाल कर ताबड तोड वार कर डाले। जब इसके कारण सूरजमुखी निढाल होकर गिर पडी और दारा सिंह को लगा कि वह दम तोड चुकी है तो दारा सिंह को होश आया। उसके हाथ पैर फूल गये और वह लहू लुहान सूरज मुखी को अचेत हालत में छोड कर भाग निकला। इसके बाद जब सूरजमुखी का भाई कहीं से वापस घर आया तो सूरजमुखी की हालत देखकर उसने तुरन्त पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मौके पर आकर सबसे पहले सूरजमुखी को निकट के कुठौंद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मंे पहुंचाया जहां से डाक्टर ने संगीन हालत के कारण उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया। इसके बाद सूरजमुखी के भाई ने जो तहरीर दी उसे दर्ज कर सिरसाकलार पुलिस ने दारा सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले का अभियोग पंजीकृत कर लिया और दारा सिंह को गिरफ्तार करने के प्रयास मंे जुट गयी। सिरसाकलार के प्रभारी निरीक्षक केपी सरोज को आज मुखबिर से सूचना मिली कि दारा सिंह भिटारी बम्बा के पास छुपा है तो उन्होंने अपनी टीम के साथ बताये गये स्थान पर दबिश दी जिसमें दारा सिंह पकडा गया। उसके कब्जे से घटना मंे प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

Leave a comment