टप्पेबाजी के शिकार बेचारों के आंसू बार बार देख पुलिस पर हुआ खून सवार , मुठभेड़ में एक को घायल कर तीन बदमाशों को धर दबोचा

उरई | टप्पेबाजी के उस्तादों को पुलिस ने आज ऐसा सबक सिखाया कि दहल कर वे अपनी जान की खैर मांग उठे | लगातार मासूम लोगों द्वारा टप्पेबाजी का शिकार बन कर अपने पसीने की तमाम कमाई गँवा देने की मुसीबत से पुलिस बैचेन हो गयी थी |  इसमें सर्वस्व लुटाने के लिए मजबूर बेचारों की आह पुलिस अधीक्षक ईराज राजा को सहन नहीं हो रही थी | उनके निर्देश पर इनके गिरोह को छिन्न भिन्न करने के संकल्प के साथ शुरू की गयी सुरागरसी के चलते पुलिस ने इनकी पहचान मालूम कर ली तो इनको घेरना आसान हो गया |

  पर पुलिस ने पहले की तरह सकुशल जेल भेज कर छुट्टी पा लेने की बजाय इनके ऐसे इलाज का तानाबाना बुना जिससे भविष्य में इनकी हिम्मत अपनी मौज मस्ती के लिए किसी गरीब को निशाना बनाने की न रह जाए | इसी के तहत मुठभेड़ की कथा का तानाबाना बन कर पुलिस ने इन पर  कार्रवाई की जिसमें पुलिस के दावे के अनुसार एक टप्पेबाज उसके द्वारा की गयी जवाबी फायरिंग में घायल हो गया | इस दौरान उसे और उसके 2 साथियों को पकड़ लिया गया | टप्पेबाजी की दर्जनों वारदातों में संलिप्त इन तीनों पर 25 -25 हजार का इनाम बकौल पुलिस घोषित था | फिलहाल इनके द्वारा एक उरई में और एक कालपी में टप्पेबाजी की घटना करने की जानकारी दी गयी है | औरैया और कानपुर देहात जिलों में भी  कई लोगों पर इन्होने हाथ साफ़ किया है जिनकी जानकारी की जा रही है |

गिरफ्त में आये तीनों टप्पेबाज कंजड जाति के हैं | इनके नाम इस प्रकार बताये गए हैं – मान सिंह उर्फ़ भोला निवासी मंगलपुर कानपुर देहात , जय सिंह निवासी शिवली कानपुर देहात और पिन्कल निवासी पिलखनी थाना भोगनीपुर कानपुर देहात | इनके पास एक लाख 20 हजार रूपये कैश और इनके खातों में  95 हजार रूपये जमा मिले हैं | साथ ही बिना नंबर की अपाचे मोटर साइकिल व 2 तमंचों की भी बरामदगी इनसे  दिखाई गयी है |   

Leave a comment