उरई विकास प्राधिकरण को मिला तमगा, आय बढ़ाने और निर्माण कार्य के लिये मिली शाबाशी


उरई।
उरई विकास प्राधिकरण ‘ओडीए’ को करादोहन और निर्माण विकास कार्य कराने के मामले में तमगा मिला है। प्रदेश के आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने वर्ष 2022-23 में अर्जित आय व निर्माण विकास के लक्ष्य के सापेक्ष सराहनीय प्रदर्शन के लिये जिलाधिकारी चांदनी सिंह जो कि ओडीए के पदेन उपाध्यक्ष हैं को उनकी पूरी टीम सहित प्रशस्ति पत्र प्रदान किया है।
बताया गया है कि उरई विकास प्राधिकरण को 1180 लाख रूपये की आय अर्जित करने का लक्ष्य सौंपा गया था जिसके सापेक्ष 930.13 लाख रूपये उगाहे गये। इसी तरह 2 करोड़ 37 लाख रूपये से अधिक के कार्य कराने की जिम्मेदारी दी गयी थी जिसके सापेक्ष 2 करोड़ 27 लाख रूपये से अधिक के कार्य हुये।
इन मदों में अर्जित हुयी आय
भवन नियंत्रण, मानचित्र शुल्क, विकास, सुदृढीकरण एवं पर्यवेक्षण, मलवा शुल्क, शमन/प्रभाव शुल्क, टेंडर एवं अन्य प्रपत्रों की बिक्री, बैंक ब्याज, नकल ठेकेदारी पंजीकरण, भवन/भूखंडों की बिक्री, स्टैम्प ड्यूटी, अन्य विभागों से निर्माण कार्य हेतु प्राप्त धनराशि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्राधिकरण कार्यालय भवन से प्राप्त किराये की आय, जमा धनराशि ई टेंडर के माध्यम से प्राप्त है, प्रभावी परिवर्तन के बल पर आय।
जिलाधिकारी ने इस सफलता का श्रेय उरई विकास प्राधिकरण के सचिव रामप्रकाश, प्रभारी सहायक अभियन्ता प्रमोद कुमार पटैरया, अवर अभियंता सुधीर कुमार सिंह, विजय कुमार को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के टीम वर्क से यह कार्य हुये।

Leave a comment