उरई।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के महेबा ग्राम में सवारियों को लेकर तेज रफ्तार दौड़ रहा आॅटो अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार भेदता हुआ खंदक में गिर गया जिससे चार लोग घायल हो गये। इनमें अपने मासूम बच्चे के साथ घायल हुयी महिला की हालत नाजुक है जिसके कारण कालपी के सामुदायिक केन्द्र से डाक्टरों ने मां और बच्चे को जिला अस्पताल रिफर कर दिया है।
बताते चलें कि नौसिखियों से आॅटो चलवाये जाने के कारण आये दिन दुर्घटनायें होती रहती हैं जिसके कारण आॅटो चालकों की पैनी निगरानी के फरमान तो आये दिन जारी होते रहते हैं लेकिन धरातल पर कुछ होता नजर नहीं आता। इसलिये आज दोपहर में फिर एक आॅटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। भुक्तभोगी सवारियों के अनुसार ड्राइवर शराब पिये था जिसकी वजह से वह आॅटो संभाल नहीं पा रहा था। लोगों के बार बार टोकने के बावजूद उसने आॅटो पुलिया में भिड़ा ही दिया। दुर्घटना के बाद ड्राइवर आॅटो से कूंदकर भाग निकला। राहगीरों के टेलीफोन करने से घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिये दो एम्बुलेंस मौके पर भेजी गयी। जिसकी वजह से उनका उपचार अपेक्षाकृत जल्दी शुरू हो गया और फिलहाल दुर्घटना में जनहानि बची हुयी है।

Leave a comment