उरई।
राठ रोड पर बांस बल्ली मार्केट को प्रशासन ने आज दृढ़ इच्छा शक्ति दिखवाते हुये बलपूर्वक हटवा दिया जिसे ऐतिहासिक कार्यवाही माना जा रहा है। इसके पहले प्रशासन ने नोटिस देकर दुकानदारों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया। कई दशक से धर्मशाला ट्रस्ट के किरायेदार के रूप में उक्त दुकानें यहां संचालित की जा रहीं थीं। इसी बीच दुकानदारों की लीज समाप्त होने पर नगर के हृदय स्थल की इस बेश कीमती जगह को विकसित कराने के लिये पहले भी अधिकारियों ने प्रयास किये लेकिन बवाल होने के भय से पूर्व अधिकारी ठोस कदम उठाने में हिचकते रहे। मौजूदा जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने इस मामले में कटिबद्धता का परिचय दिया। उनके निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों को पहले अल्टीमेटम दिया और इसकी अवधि पूरी होते ही आज तमाम वरिष्ठ अधिकारी लाव लश्कर के साथ सबेरे से मौके पर जा डटे। उन्होंने चारो तरफ बैरीकेड लगाकर राठ रोड के रास्ते ब्लाॅक कर दिये और मीडिया के अलावा किसी की भी आवाजाही रोड पर रोक दी। भारी पुलिस बल के साथ अधिकारी लेबर और वाहन लेकर पहुंचे थे। जिन दुकानदारों ने सहयोग किया प्रशासन ने खुद उनका सामान सुरक्षित उठवाकर उनके बताये स्थान पर पहुंचाया जबकि जिन्होंने हेकड़ी दिखाई उनके यहां तोड़ फोड़ करके उन्हें करारा सबक सिखाया गया। कई लोगो ने पक्के निर्माण कराकर व्यवसाय खोल रखे थे। प्रशासन के बुलडोजर ने उनके प्रतिष्ठान तहस नहस कर दिये।
जिलाधिकारी ने बताया कि यहां लगभग दो एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा था जिसपर 28 लोग अतिचार के तौर पर चिह्ति किये गये थे। हलके फुलके प्रतिरोध के बाद सभी प्रशासन के आगे नत मस्तक हो गये और लगभग शांतिपूर्ण ढंग से यह आॅपरेशन सम्पन्न करा दिया गया। जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने कहा कि अब खाली कराये गये स्थल पर नयी दुकानों का निर्माण, काॅम्पलैक्स बनाना, पार्किंग स्थल, उद्यान और जन हित की अन्य सुविधायें यहां विकसित की जा सकेंगी।







Leave a comment