मूलचन्द निरंजन ने दुर्गम माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बहाई विकास की गंगा, एट से कोंच होते हुये जीटी रोड पर जुड़ेगा नया हाईवे


कोंच-उरई।
केन्द्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित पत्रकार वार्ता में क्षेत्रीय विधायक मूलचन्द निरंजन ने इस काल खण्ड में बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में सरकार द्वारा अभूतपूर्व विकास किये जाने का दावा किया।
भाजपा के नगर कोषाध्यक्ष प्रभंजन गर्ग के प्रतिष्ठान पर मंगलवार को विधायक मूलचन्द निरंजन ने नगर पालिका के नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के साथ केन्द्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियां बताने के लिये संयुक्त पत्रकार वार्ता की। उन्होनें कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का डंका आज समूची दुनिया में गूंज रहा है। उनके नेतृत्व में देश के अन्दर और बाहरी दुनिया में भी भारत के मान सम्मान को बढ़ाने के लिये अभूतपूर्व कार्य हुये है।
उन्होंने कहा कि देश के पुराने गौरव को लौटाने के क्रम में अयोध्या में रामजन्म भूमि निर्माण सहित धार्मिक व ऐतिहासिक धरोहरों के पुनरूद्धार के लिये साहसिक कार्य किये गये है। पूर्व की सरकारों में आतंक के साये मेें रहने वाले राज्य जम्मू कश्मीर में अब चारों ओर शांति और खुशहाली नजर आ रही है और विकास के नये कीर्तिमान स्थापित हो रहे है। सरकारी नौकरियों के साथ प्राइवेट रोजगार के भरपूर अवसर सरकार ने खोले हैं।
विधायक ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण की दृष्टि से हवाई सेवाओं में वृद्धि के साथ साथ वन्दे भारत जैसी तेज रफ्तार ट्रेनों का संचालन बहुत बड़ी उपलब्धि है। देश की अर्थ व्यवस्था जहां पहले की तुलना में मजबूत हुयी है वहीं पाकिस्तान और चीन जैसे पड़ोसी दुश्मन देश भी अब भारत के सामने झुकनें में ही खैर समझने लगे हैं। प्रधानमंत्री के दिशा निर्देशन में प्रदेश की योगी सरकार भी विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर रही है। डबल इंजन की सरकार में बड़े बड़े माफियाओं और अपराधियों को उनकी करनी की सजा भुगतनी पड़ रही है। वहीं कोंच-माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कराये गये कार्यों का उल्लेख करते हुये विधायक ने कहा कि एट से लेकर बाया कोंच होते हुये भीकेपुर तक 165 करोड़ रूपये की बड़ी धनराशि से स्टेट हाइवे का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है जो जीटी रोड से जुड़ेगा। यह क्षेत्र के लिये आवागमन की दृष्टि से एक बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा चैड़ीकरण के साथ कोंच-उरई सड़क निर्माण कार्य 19 करोड़ रूपये की लागत से, कोंच नदीगांव मार्ग पर 11 किलोमीटर जर्जर सड़क निर्माण कार्य 26 करोड़ रूपये से, कोंच में कैलिया-पहाड़गांव बाई पास मार्ग निर्माण 9 करोड़ रूपये की लागत से, कोंच व नदीगांव में कान्हा गौशाला निर्माण सहित लगभग सभी छोटी बड़ी सड़कों, पुल, पुलियों, नालों, आश्रय ग्रह, बारात घर, सुलभ शौचालय, राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य कराया गया है और जो कार्य बाकी है वह शीघ्र पूर्ण कराये जा रहे है। कोंच के अलावा समूची विधान सभा क्षेत्र में विकास के नये कीर्तिमान स्थापित किये जा रहे हैं। इस दौरान पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेन्द्र सोनी, प्रभंजन गर्ग, मनीष नगरिया, विकास पटेल पड़री, सभासद नरेन्द्र कुशवाहा, संजीव गर्ग, अशोक गुर्जर, नरेन्द्र विश्वकर्मा, मुकेश राठौर आदि पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a comment