बी एड संयुक्त परीक्षा को निर्विवाद संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कसी

उरई ।

जिलाधिकारी चाँदनी सिंह की अध्यक्षता में दिनांक 15 जून 2023 को बी0एड0 संयुक्त प्रवेश परीक्षा- 2023 को नकलविहीन, सकुशल पारदर्शी सम्पन्न कराये जाने हेतु संबंधित अधिकारियों व केन्द्र व्यवस्थापकों को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने समस्त सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट/केन्द्र व्यवस्थापक को कहा कि परीक्षा केन्द्र पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नही होनी चाहिये साथ ही प्रश्नपत्र ट्रेजरी से सावधानीपूर्वक ले जाया जाये और वापिस केन्द्र से डबल लाॅक ट्रेजरी में रखा जाये। उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्र के प्रवेश द्वार पर किसी भी को भी मोबाईल फोन व इलेक्ट्रानिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नही दी जाये, परीक्षार्थी की बायोमैट्रिक सत्यापन ठीक से कराया जाये अगर कही पर भी कोई समस्या आती है तो त्वरित सूचित किया जाये। जनपद में दिनांक 15 जून 2023 को बी0एड0 संयुक्त परीक्षा-2023 के लिये 09 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है जिसमें 3527 परीक्षार्थी परीक्षा देगे, परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न होगी, प्रथम पाली प्रातः 09ः00 बजे से अपरान्ह 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 02ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक 09 परीक्षा केन्द्रों पर बी0एड0 संयुक्त परीक्षा-2023 सम्पन्न होगी। जिलाधिकारी ने समस्त केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के समय सी0सी0टी0वी0 कैमरा, परिसर की साफ-सफाई व शौचालय की व्यवस्था ठीक रहे इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक मोतीलाल यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव, नगर मजिस्ट्रेट रामप्रकाश, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, समस्त केन्द्र व्यवस्थापक आदि मौजूद रहे।

Leave a comment